सफाई मित्रों के सम्मान समारोह में योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने रविवार को काशी आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। यहां से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों को लखनऊ तलब कर लिया है।
मंगलवार को उनके साथ मुख्यमंत्री बैठक करेंगे। संबंधित विभागों के लखनऊ स्थित मुख्यालय के उच्चाधिकारी भी शामिल होंगे। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के बार-बार निर्देश के बावजूद सफाई, पेयजल, सीवेज सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं होने पर ये अधिकारी तलब किए गए हैं।
प्रधानमंत्री के दो दिनी दौरे के मद्देनजर मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने भी यहां आकर सफाई, पेयजल, सीवेज आदि व्यवस्थाओं की हालत देखी थी। उन्होंने गंदगी पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी थी कि व्यवस्था सुधारें नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
मुख्यमंत्री ने भी समीक्षा बैठक में बाबतपुर से आते समय सड़क किनारे दोनों तरफ कूड़े के ढेर नजर आने का जिक्र करते हुए संबंधित अधिकारियों से सवाल किए थे। कहा था कि पीएम के आगमन से पहले हर हालत में साफ-सफाई, सीवेज और सड़कें आदि दुरुस्त कराई जाएं।
अरसे से लंबित पेयजल परियोजनाओं को अब तक जनोपयोगी न बनाए जाने पर जल निगम की क्लास लगाई थी। कहा कि इन सभी परियोजनाओं को जल्द से जल्द शतप्रतिशत जनोपयोगी बनाया जाए।
सीएम की वापसी के बाद सोमवार को देर शाम अचानक मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन कर अधिकारियों को लखनऊ तलब कर लिया गया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को खुद इन अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।