नमामि गंगे की टीम ने गुरुवार शाम गंगा द्वार से श्री काशी विश्वनाथ व मां गंगा की आरती उतारी। आरती के जरिए उन्होंने देश और प्रदेश के विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। गंगा द्वार पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तम प्रदेश की कामना की गई।
भगवा ध्वज, राष्ट्रध्वज और डमरू निनाद संग मां गंगा की आरती उतारी गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि गंगा द्वार से बाबा विश्वनाथ और मां गंगा की आरती उतारकर हमने राष्ट्र और प्रदेश के लिए सुख और समृद्धि की कामना की है ।
योगी आदित्यनाथ की दोबारा ताजपोशी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था आम जनता के लिए की गई है। काशी विश्वनाथ धाम के अंदर दो स्थानों के साथ ही तहसील सदर, राजातालाब एवं पिंडरा, जिला मुख्यालय व सिगरा में एलईडी लगाई है। इन स्थानों पर सांस्कृतिक पार्टियों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
बनारस से लखनऊ पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता
यूपी सरकार-2 के शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए बनारस से भाजपा के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता लखनऊ के लिए रवाना हुए हैं। महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय ने बताया कि योगी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण समारोह के लिए महानगर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से तीन-तीन बसों सहित कुल 10 बसों की व्यवस्था की गई।