पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण करते पुलिस कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी जिले के थाने, चौकियां, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, फायर स्टेशन सहित पुलिस से जुड़ी सभी शाखाओं के कार्यालय बुधवार को धूम्रपान व तंबाकू रहित क्षेत्र घोषित किए गए। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के तंबाकू उत्पाद खाकर थूकते हुए या सिगरेट पीते हुए पाए जाने पर उनके खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू अधिनियम (कोटपा) के तहत कार्रवाई होगी और उनकी तनख्वाह से दो सौ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
एक बार जुर्माना भरने के बाद दोबारा तंबाकू उपयोग करने पर एसएसपी स्तर से विभागीय कार्रवाई होगी। इसके साथ ही प्रदेश में वाराणसी ऐसा पहला जिला हो गया है, जहां पुलिस के सभी कार्यालय धूम्रपान रहित, तंबाकू रहित क्षेत्र घोषित किए गए हैं।
थाने, चौकी और पुलिस कार्यालयों के तंबाकू रहित क्षेत्र घोषित किए जाने संबंधी एसएसपी का आदेश मातहत अधिकारियों के पास पहुंचते ही कई बेचैन नजर आए।
दरअसल कई सिपाही, चौकी इंचार्ज व थानेदार और कुछेक क्षेत्राधिकारी ऐसे हैं जो गुटका या पान के बगैर रह ही नहीं पाते हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों का दबी जुबान कहना था कि नौकरी करना हौ त कप्तान के आदेश माने के ही पड़ी। चला अब तक छुप-छुपा के गुटका खाइल जाई।