आज (25 अप्रैल) पूरी दुनिया विश्व मलेरिया दिवस मना रहा है। यह दिन मच्छरों से होने वाली बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के मकसद से बनाया जाता है। लोगों में जागरूकता कितनी बढ़ी इसका तो पता नहीं लेकिन हर वर्ष मच्छर जनित बीमारियों के मरीज जरूर बढ़ रहे हैं।
वाराणसी में मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण के दावों के उलट स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। जिले में हर साल मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। डेंगू के नियंत्रण में भी खास सफलता नहीं मिली है।
2015 में जहां मलेरिया के 377 मरीज थे, वहीं 2016 में यह संख्या 538 हो गई। इसके अलावा 2015 में डेंगू के 172 और 2016 में 154 मरीजों की पुष्टि हुई थी।
अमूमन बरसात में एक ही जगह लंबे समय से पानी जमा होने की वजह से मच्छर जनित बीमारियां फैलने का खतरा अधिक रहता है लेकिन नगर निगम की ओर से नियमित फॉगिंग न कराए जाने के कारण अब हर मौसम में मच्छरों का प्रकोप रहता है।
2017 में जनवरी से मार्च तक मलेरिया के 37 केस आ चुके हैं। मलेरिया के अलावा मच्छरों के काटने से डेंगू का खतरा भी अधिक रहता है। पिछले साल बनारस में ही पांच से अधिक मौतें हुई थीं।
विश्व मलेरिया दिवस पर वाराणसी जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एमए खान ने कहा कि जुलाई माह से स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूल-कॉलेजों में बच्चों को प्रार्थना के समय मलेरिया से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। इससे पहले जून में मलेरिया रोधी और जुलाई में डेंगू रोधी माह मनाया जाएगा।