आइए आज करें रक्तदान , आईएमए में अमर उजाला की ओर से लगा कैंप
- फोटो : अमर उजाला
तेज धूप और गर्मी के बावजूद गुरुवार को विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर लोगों ने जोश और जज्बे के साथ रक्तदान किया। विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 40 यूनिट रक्तदान हुआ। दूसरी ओर शहर के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में महादान के लिए उमड़े लोगों ने साढ़े चार सौ यूनिट से अधिक रक्तदान किया।
सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चले अमर उजाला फाउंडेशन के शिविर में कुछ लोग पहली बार रक्त देने पहुंचे तो कुछ ऐसे भी रहे जिनके लिए रक्तदान का यह दूसरा-तीसरा तो दसवां मौका था। दूसरों की जान बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान के लिए आए लोगों में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा रही।
इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. कार्तिकेय सिंह, सचिव डॉ. मनीषा सिंह ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें रक्तदान की महत्ता बताई। कहा, प्राय: समय से खून न मिलने की वजह से जरूरतमंदों की जिंदगी बचाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान करने वालों का प्रयास काम आता है।
अमर उजाला फाउंडेशन को मिला सम्मान
बाबतपुर एयरपोर्ट पर रक्तदान जागरूकता अभियान
- फोटो : अमर उजाला
शिविर में डॉ. गौतम सेन, केशव त्रिपाठी, आशुतोष श्रीवास्तव, आलोक पाठक, स्मृति पांडेय, रामकुमार गुप्ता, केपी चौबे, संदीप, सरदार सिंह, सनी का सहयोग रहा।
क्राइम ब्रांच की टीम भी महादान में शामिल
शिविर में जिले की क्राइम ब्रांच की टीम भी ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, एसआई राकेश सिंह, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल सुनील राय, रामभवन यादव शामिल रहे। बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान जागरूकता के लिए सर्वोतम कार्य करने पर अमर उजाला फाउंडेशन को सम्मानित भी किया गया।
बता दें कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वाराणसी सहित पूर्वांचल के सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। बनारस के अस्पतालों में पूर्वांचल के अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और नेपाल आदि जगहों से इलाज के लिए आने वाले बहुत से ऐसे मरीज होते हैं, जिन्हें तत्काल खून की जरूरत पड़ती है। सबसे अधिक समस्या तब होती है, जब उनके साथ कोई डोनर नहीं होता।
ऐसे ही लोगों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन ने कदम बढ़ाया है। विश्व स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस के अवसर पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर भी रक्तदान शिविर लगाया गया है।