उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के वाराणसी परिक्षेत्र के काशी डिपो का कार्यालय व कार्यशाला वर्तमान में दुश्वारियों का दंश झेल रहा है। विभागीय उदासीनता के चलते आज तक डिपो व कार्यशाला की मरम्मत नहीं हो सकी। पूरा भवन जर्जर हो गया है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है।
परिसर में एक ही छत के नीचे काशी, चंदौली डिपो के साथ वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट के कार्यालय संचालित होता है। लगभग 700 कर्मी यहां कार्य करते हैं। कार्यशाला वर्तमान में सड़क के लेवल से लगभग दो से ढाई फीट नीचे हो गया है। इससे बारिश का पानी निकाल पाना मुश्किल हो जाता है। कार्यशाला में स्थित पानी टंकी के जर्जर हो जाने की वजह से यहां पेयजल की भी दिक्कत रहती है।
मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा जा चुका है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।- मुकेश कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, चंदौली डिपो व प्रभारी वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज
पूर्व में इमारत की मरम्मत के लिए एक प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। इसके बाद फिर से प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। इसी सप्ताह दूसरी बार प्रस्ताव भेजा जाएगा। - कमलाकांत तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज