यूपी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन रविवार को वाराणसी के आरपी घाट पर हुआ। इस दौरान बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया द वंडर गर्ल को दिया गया। फर्स्ट रनर अप फिल्म का पुरस्कार सन्नो डॉटर आफ इंडिया और सेकेंड रनर अप फिल्म का खिताब अंतर्ध्वनि को मिला। बेस्ट शार्ट फिल्म की कैटेगरी में चटनी और संजीवनी को पुरस्कृत किया गया। फर्स्ट रनर अप आजादी और सेकेंड रनर अप फ्रेशनर को मिला। बेस्ट डाक्यूमेंट्री का खिताब द ह्यूमैनिस्ट और बेस्ट एनिमेशन का खिताब अप अप एंड अप को मिला।
रविवार को तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी में फिल्मों के लिए अपार संभावनाएं हैं। गंगा के तट पर इस तरह का आयोजन सराहनीय है। भविष्य में इसको और भव्य बनाने का प्रयास होगा। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवींद्र जायसवाल ने कहा कि पहले फिल्में संदेश देती थीं लेकिन आज उस हिसाब से फिल्में नहीं बन रही हैं। फिल्म निर्माताओं को संदेशपरक फिल्मों के निर्माण में आगे आना चाहिए।
मुंबई फिल्म सिटी के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र का कहना है कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की कॉपी अब दूसरे प्रदेशों में भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बवाल की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटकर पूरे देश को संदेश दिया है। यही कारण है कि मुंबई के बाद यूपी उद्यमियों की पहली पसंद बन रही है।
सर्किट हाउस में अमर उजाला से अनौपचारिक बातचीत में अमरजीत मिश्र का कहना है कि कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस के कारण महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में यूपी के लोगों की साख बढ़ी है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, प्रयागराज और अयोध्या के नामकरण से हिंदू समाज को बल मिला है।