लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पास होने के बाद वाराणसी की महिला जनप्रतिनिधियों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय करार दिया। उनका कहना है कि अब पूरी ताकत से देश की महिलाओं की आवाज संसद और विधानसभाओं में गूंजेगी। 27 साल से अटके इस बिल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुहर लग गई...।
अब लोकसभा और विधानसभा में ज्यादा महिलाएं पहुंचेंगी। राजनीति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ने से महिला सशक्तीकरण की दिशा में प्रभाव बढ़ेगा। यह बिल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित होगा। - पूनम मौर्या, अध्यक्ष, जिला पंचायत वाराणसी
नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत लाए गए महिला आरक्षण बिल से अब महिलाओं की पूरी भागीदारी राजनीति में होगी। राजनीति में दखल बढ़ने से महिलाओं की समस्याओं पर समाधान पर भी पहल तेज होगी। - स्नेहलता सेठ, चेयरमैन, नगर पंचायत गंगापुर
महिला बिल पास करने को सपा ने बताया चुनावी स्टंट
वाराणसी। समाजवादी पार्टी ने महिला बिल पास करने को चुनावी स्टंट करार दिया है। सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अपने नौ वर्ष के कार्यकाल में जनता के हित में कुछ नहीं किया। लोकसभा चुनाव आने से पहले मोदी सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नाम पर बिल लाकर इसका लाभ लेना चाहती है। ब्यूरो