जौनपुर से वाराणसी की ओर जाने वाली एक ट्रेन में सफर कर रही महिला को लूटकर बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
गुरुवार की रात करीब दस दौनपुर जिले के हौज गांव स्थित गेट संख्या 36 के पास से गुजर रहे गांव के लोगों ने महिला को कराहते देखा तो शोर मचाया। आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना 100 नंबर पर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों के मुताबिक जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो महिला होश में थी। उसने अपना नाम गीता देवी बताया। वह मध्यप्रदेश के मैहर की रहने वाले अशोक निषाद की पत्नी है।
उसने पुलिस को यह भी बताया कि ट्रेन में लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इतना बताने के बाद महिला अचेत हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टर ने उसकी हालत नाजुक देख वाराणसी रेफर कर दिया।