राजातालाब (वाराणसी)। तहसील राजातालाब के बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अधिवक्ताओं को सुविधाएं और सहूलियतें मिलनी चाहिए। बेहतर सुविधाएं मिलने से वह अपने कार्य को आसानी से कर सकेंगे।
उन्होंने महिलाओं से लोकतंत्र के मजबूती के लिए विधि क्षेत्र में भी आगे आने की अपील की। कहा कि न सिर्फ राजनीति के क्षेत्र में नहीं बल्कि वकालत के पेशे में भी महिलाओं को आगे आना चाहिए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के द्वारा अधिवक्ता भवन की मांग पर उन्होंने कहा कि इसके लिए वे हर संभव प्रयास करेंगी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक उनकी मांग पहुंचाएंगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मिर्जापुर के कई तहसीलों में अधिवक्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं अपनी सांसद निधि से उपलब्ध कराई है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामजी पटेल और महामंत्री धीरेंद्र प्रताप सहित कुल 24 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर मोहन यादव, अश्वनी कुमार राय, धीरेंद्र नाथ शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा, नंदकिशोर पटेल, राधे मोहन त्रिपाठी, सर्वजीत भारद्वाज, केशर राय, अपना दल के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, आराजी लाइन ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र पटेल, श्याम नारायण सिंह, शशि भूषण मिश्रा, नीरज पांडेय, भूपेंद्र सिंह सुनील सिंह छेदी यादव आदि उपस्थित रहे। उधर, जिलाध्यक्ष डा नरेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में श्याम नारायण सिंह पटेल, चंद्रबली पटेल, राजबली पटेल, धीरेंद्र सिंह सोनू, डॉ सुनील पटेल सहित अन्य लोगों ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
--------
अद विधायक नीलरतन पटेल के अनुपस्थित की तरह-तरह रही चर्चा
राजातालाब में अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के आगमन के दौरान पार्टी के विधायक नीलरतन सिंह पटेल के न रहने की चर्चा जोरों पर रही। प्रदेश में चुनाव के पहले लोग इसे राजनीति से जोड़कर देखते रहे। उधर, विधायक नील रतन पटेल ने बताया कि मैंने पदाधिकारियों को बताया था कि मैं अस्वस्थ हूं और इसीलिए मैं पहुंच भी नहीं पाया।