यूपी के सोनभद्र में सास से घरेलू झगड़े के बाद एक विवाहिता ने खौफनाक कदम उठा लिया। जिसने भी घटना के बारे में सुना वह चौंक गया। इसके बाद तो हर तरफ घटना चर्चा का विषय बन गई।
जिले बोदर गांव की सरिता (25) पत्नी चंदन कुमार का उसकी सास से किसी बात को लेकर शनिवार की सुबह आठ बजे विवाद हो गया। कहासुनी के बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना से भड़की सरिता घर से बाहर निकल गई।
इसके बाद ग्राम पंचायत खेतकटवा के भगड़ू घाटी में स्थित बंधी के पास पहुंची और कुछ देर यहां रुकने के बाद छलांग लगा दी। जब डूबने लगी तो खुद शोर मचाने लगी। बंधी के आसपास खेतों में काम कर रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने किसी तरह से सरिता को बंधी से बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलने पर खरौधी के प्रधान जफर हुसैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने निजी वाहन से सरिता को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। प्रधान की सूचना पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची।
पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक सरिता की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व चंदन से हुई थी। उन्हें एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पूर्व भी किसी बात को लेकर सास-बहू में विवाद हुआ था। सरिता का पति राजस्थान में काम करता है और घटना के दिन वह घर पर नहीं था।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद 100 व 108 नंबर पर डायल किया गया लेकिन न ही पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस। पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना परिवार वालों को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।