वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र के रामपुर (चंद्रावती) गांव में मंगलवार की रात में सियार ने आतंक मचाया। उसने दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सियार को लाठी- डंडे से पीट- पीटकर मार डाला।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
गांव में एक सियार ने घर के पास सो रहे राकेश राम व मुलायम राम पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर राकेश राम की पत्नी किरन ने बचाव के लिए आवाज लगाई। इस पर गांव के लोग मौके पर लाठी डंडा लेकर पहुंचे और सियार को पीट पीटकर मार गिराया। घायल की पत्नी किरन की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी सियार को ले गए। गंगा नदी के किनारे बसे रामपुर गांव में जंगली जानवरों का आना जाना प्रायः लगा रहता है। ऐसे में लोगों में दहशत का माहौल है।
क्या बोले अधिकारी
वन रेंजर संजय कुमार ने बताया कि सियार का पोस्टमार्टम कर उसे दफना दिया गया। वन जीव अधिनियम की तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।