पिछले सप्ताह चक्रवाती तूफान यास की वजह से बारिश और हवाओं के चलने से लोगों को राहत मिली थी। रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। हवा की रफ्तार थमे रहने से उमस इतनी अधिक रही कि लोग गर्मी से बेचैन हो गए। इस बीच 24 घंटे में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बुधवार से शुक्रवार तक तूफान के असर की वजह से मौसम थोड़ा खुशनुमा हो गया था और लोगों को गर्मी से राहत भी मिली थी। इस बीच शनिवार को सुबह थोड़ी सी हल्की बूंदाबादी तो हुई लेकिन उमस अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को बढ़कर 33.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि पूर्वांचल पर अभी भी बंगाल की खाड़ी से आने वाली साइक्लोनिक सर्कुलेशन का दबाव बना हुआ है इस वजह से आने वाले दिनों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।