दुर्गा पूजा के अवसर पर काशी में उत्सवी माहौल होगा। कोरोना काल में दूसरी बार मिनी बंगाल का स्वरूप नजर आएगा हालांकि चमक थोड़ी फीकी रहेगी। तैयारियों का समय कम मिलने के कारण दुर्गा पूजा समितियों को तैयारी का समय कम मिला है। रविवार की देर शाम को गोदौलिया स्थित होटल में केंद्रीय पूजा समिति की बैठक में दुर्गा पूजन की तैयारियों का खाका खींचा गया।
केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष तिलक राज मिश्र ने कहा कि दुर्गा पूजन शक्ति की आराधना का काल है। ऐसे में हम सभी बुराईयों को त्यागने का संकल्प लें। वहीं कुछ पूजा समितियां प्रतीकात्मक पूजन करने की तैयारियां कर रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि हम शासनादेश के अनुसार ही पूजन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि कई इलाकों में चौकी इंचार्ज अपने-अपने फरमान जारी कर रहे हैं। यह किसी भी हाल में ठीक नहीं है। इस दौरान अनूप जायसवाल, राजेश शुक्ला और लालजी गुप्ता को सम्मानित किया गया। पूजा समिति के संरक्षक आशुतोष कुमार सिंह बनाए गए हैं। इस दौरान नवजीवन क्लब कचहरी, जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब, मिनी स्टेडियम शिवपुर, निहारिका स्पोर्टिंग क्लब, खजूरी दुर्गा पूजा समिति, प्रीमियम ब्वायज क्लब, दुर्गा पूजा समिति सनातन धर्म, ईगल क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे।