रमेश ने पुलिस को बताया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के गांव लखमीपुर कैथापुर निवासी राहुल शर्मा उर्फ जितेंद्र शर्मा से प्रेम संबंध थे। राजेश इसका विरोध करता था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप लगाया कि पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पूर्व नियोजित साजिश के तहत राजेश की हत्या कराई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि 24 जून को उर्मिला देवी ने अपने पति को जमीन खरीदने के बहाने राहुल शर्मा के साथ भेजा। राहुल पहले से ही मोटरसाइकिल की सीट के नीचे चाकू छिपाकर ले गया था। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर जमीन देखने का बहाना बनाया गया।
चकिया तिराहे के पास राजेश ने शराब खरीदी और उसका सेवन किया। देर शाम महेवा नहर के पास पहुंचने पर उसने बची हुई शराब भी पी ली, जिससे वह नशे में हो गया। इसी दौरान आरोपी विनोद पाल ने राजेश को पकड़ लिया और राहुल शर्मा ने धारदार चाकू से उसका गला रेत दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और आरोपी हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून से सने कपड़े लेकर फरार हो गए।
एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान सुपर स्प्लेंडर बाइक से बिहार की ओर भाग रहे राहुल शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, बाइक रोकने का प्रयास करने पर दोनों भागने लगे, लेकिन बाइक असंतुलित होकर गिर गई और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
तलाशी में राहुल शर्मा के बैग से हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून से सने कपड़े, एक सैमसंग मोबाइल और नकदी बरामद हुई। विनोद पाल के पास से वन प्लस मोबाइल और नकदी मिली। पूछताछ के बाद पुलिस ने राजेश की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक राहुल शर्मा ने पूछताछ में बताया कि उसका वर्षों से राजेश के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी उर्मिला देवी से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। राजेश इसका विरोध करता था। उर्मिला अपने पति को रास्ते से हटाना चाहती थी और उसने हत्या के लिए राहुल पर दबाव बनाया। इसके बदले दस हजार रुपये देने का भी लालच दिया।
राहुल ने अपने साथी विनोद पाल को योजना में शामिल किया और दोनों ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून लगा धारदार चाकू, एक बाइक, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन तथा कुल 870 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।