सारनाथ। जब तुम मेरी नहीं हो सकती तो मैं तुम्हे किसी और का होने नहीं दूंगा...इतना कहकर सिरफिरे ने युवती के बाल काट डाले। सारनाथ थाना क्षेत्र के इस मामले में युवती की तहरीर पर बुधवार को आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की तहरीर के अनुसार पड़ोस में रहने वाले आरोपी बबलू गुप्ता ने मंगलवार को मार्कशीट देने के बहाने बुलाया और क्षेत्र के ही एक होटल में ले गया। इसी बीच होटल में पहुंचते ही युवक शादी का दबाव बनाने लगा। इस दौरान युवती ने जब कहा कि उसकी शादी कहीं और तय हो गई तो बबलू आग बबूला हो गया और यह कहते हुए कि तुम मेरी नहीं हो सकती तो तुम्हे किसी और होने नहीं दूंगा और कैंची से बाल काट दिया। घटना की जानकारी युवती ने घर पहुंची परिजनों को दी तो बबलू के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने बबलू के परिजनों और दोस्तों से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं डीसीपी वरुणा जोन के निर्देश पर पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य इकट्ठा की है। उधर, युवती की मां ने आरोप लगाया कि बबलू आए दिन बेटी को तंग करता है। इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर ने बताया कि युवती के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।