वाराणसी। मानसूनी हवाओं और बंगाल की खाड़ी में नमी की वजह से एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। यही वजह है कि बनारस समेत आसपास के जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार रात से शुरू बारिश गुरुवार को भी देर रात तक होती रही। मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से तापमान में भी कमी आई है। अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में चार डिग्री और न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री कम हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने भी अगले 48 घंटे तक झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की है।
तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल गया है। एक ओर जहां उमस से राहत मिल गई है वहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में 5 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज किया है। सितंबर का महीना बीतने को है लेकिन अधिकतम तापमान सप्ताह भर पहले 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम भी 25 से 30 डिग्री रहा। जिस तरह से मौसम अचानक बदला है, हवा में नमी की वजह से रात में हल्की सिहरन महसूस होने लगी है। यहीं वजह है कि कई घरों में एसी, कूलर भी रात में नहीं चल रहा है लोग जरूरत पड़ने पर पंखा चला रहे हैं। इस बीच बुधवार रात से ही बारिश हो रही है और गुरुवार को भी शहरी और ग्रामीण इलाकों में भी दिन और रात में भी गरज-चमक के साथ बारिश होती रही। उधर बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा वह गुरुवार को कम होकर 28 तक पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 25के सापेक्ष गुरुवार को 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी तेजी से आ रही है। यही कारण है कि बारिश अभी होती रहेगी।