बेमौसम बारिश से फसलों को होगा नुकसान
गुरुवार को सुबह हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलें, खासकर गेहूं, सरसों, चना और मटर, ओलावृष्टि से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों को अपनी मेहनत और आने वाली फसल के नुकसान का डर सता रहा है। उनका कहना है कि इस बारिश से फसलों को नुकसान होगा।
गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार है, और इस समय हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसल को भारी नुकसान होगा। तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं की बालियां गिर गई हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों प्रभावित होंगे। कई किसानों ने सरसों की कटाई कर ली है, लेकिन कटी हुई फसल खेतों में पड़ी है।
किसान भानु प्रताप सिंह, हरिशंकर सिंह और अजय सिह ने बताया कि प्याज, लहसुन और अन्य सब्जियों की फसलों को भी ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। ओले के आकार बहुत बड़े नहीं होने से गेहू की फसल को थोड़ा कम नुकसान हुआ है, अगर ओले बड़े होते तो गेहूं की फसल को बहुत अधिक नुकसान होता।
बोले कृषि वैज्ञानिक
बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं सहित दलहनी और तिलहनी की सभी फसलों पर 10 से 15 प्रतिशत तक असर पड़ेगा। गेहूं के गिरने, बालियों और फूलों और फलों के गिरने से उत्पादन में कमी आएगी। - डॉ. नवीन कुमार सिंह, कृषि वैज्ञानिक केवीके
समय से पूरी करनी होगी हीट वेब/ लू से बचाव की तैयारी
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हीट वेव/लू से बचाव के बारे में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने बताया कि आईएमडी के अनुसार इस साल तापमान में सर्वाधिक वृद्धि होने की सम्भावना है। हीट वेव से लोगों को कैसे सुरक्षित रखा जाएगा इसकी कार्ययोजना समय रहते सभी विभागों को बनाना चाहिए।
पेयजल की समस्या जिले में में कहीं भी नहीं होनी चाहिए, यदि पेयजल की समस्या होती है तो सम्बन्धित विभाग के अधिकारीयों का उत्तरदाईत्व निर्धारित करते हुए कठोर कार्यवाही की जाएगी। सभी विभागों में हीट वेव से बचाव हेतु क्या करें क्या न करें का व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा ब्लॉक स्तर/ तहसील स्तर एवं जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने को भी कहा गया।