मानसून की बारिश थमने के बाद उमस भरी गर्मी झेल रहे वाराणसी के लोगों को शुक्रवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। करीब आधे घंटे की बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि सुबह के समय धूप निकली हुई थी। उसके बाद दोपहर को आसमान में बादल छा गए। उसके बाद बरसात शुरू हो गई।
बादलों की आवाजाही से मौसम सुहाना हो गया है। लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है। तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि आने वाले दो तीन दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार है।
चांदपुर, लहरतारा, कैंट क्षेत्र, सिगरा, रथयात्रा, नई सड़क इत्यादि जगहों पर लोग छाता लेकर निकले। पिछले कई दिनों से मानसून की बारिश थमने के कारण उमस भरी गर्मी का वर्चस्व बढ़ गया था। सूर्य की तल्ख किरणों के कारण तापमान में भी वृद्धि हुई। पारा चढ़ने से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। आलम यह रहा कि न दिन में चैन और न ही रात में सुकून था।