24 घंटे में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई
- फोटो : अमर उजाला
आषाढ़ माह में भी बीते कई दिनों से तेज धूप और उमस के बाद शनिवार को मौसम ने करवट ली। दिन भर जहां बादल छाए रहे, वहीं नम हवाएं भी चलती रहीं। इस वजह से उमस से राहत भी मिली। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान पर भी असर पड़ा। 24 घंटे में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
बता दें कि इस साल 13 जून को मानसून आने के बाद बारिश तो अच्छी हुई, लेकिन जून के अंतिम सप्ताह से ही बारिश ठप है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि वाराणसी समेत आसपास के जिलों में 10 किलोमीटर की रफ्तार से पुरवा हवा चल रही है। मानसून की द्रोणिका भी अब ऊपरी सतह पर आ गई है।
इस वजह से वाराणसी समेत पूर्वांचल में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश के आसार हैं। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान 37.4 की जगह शनिवार को 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 की जगह शनिवार को 28.6 रिकार्ड किया गया।