किसान दिवस पर बैठक का हुआ आयोजन, किसानों को दी गईं योजनाओं की जानकारी
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस पर विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों की समस्याएं सुनी गईं। किसानों ने बाबतपुर रजवाहे में पानी न आने की बात कही। सिंचाई विभाग की ओर से बताया गया कि बाबतपुर रजवाहे में जौनपुर तक पानी आ गया है। एक सप्ताह में जिले की सीमा में पानी पहुंच जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एनके सिंह ने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक गेहूं की बुवाई नहीं की है। वह 31 दिसंबर तक बुवाई कर सकते हैं। गेहूं में खरपतवार के नियंत्रण के लिए बीडी साइड रसायन का प्रयोग करें। बीडी साइड के छिड़काव के 48 से 72 घंटे के बाद यूरिया की टॉप ड्रेसिंग करें।
जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक-सहकारिता ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं अन्य फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। जिसे समितियों पर प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि जो किसान नैनो डीएपी का छिड़काव गेहूं, आलू एवं सरसों की फसलों में कराना चाहते हैं। वह विभाग में अपना ब्लॉक, गांव, नाम, मोबाइल नंबर दर्ज करा दें तो वहां छिड़काव कर उन्हें दिखवा दिया जाएगा। नलकूप विभाग ने बताया कि जिले में 20 नलकूप बंद पड़े हैं। मत्स्य विभाग ने बताया कि मत्स्य पालकों का दुर्घटना बीमा विभाग द्वारा किया जाता है। इच्छुक मत्स्य पालक बीमा करा सकते हैं।