वाराणसी। गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की दिक्कतें शुरू हो गईं हैं। कई इलाकों में पानी नहीं पहुंचने से लोग नाराज हैं। शिकायत के बाद भी लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सामने घाट, गांधीनगर, सुंदरपुर, लंका, लल्लापुरा, औरंगाबाद, सिगरा, चेतगंज, पांडेपुर, हुकुलगंज आदि इलाकों में पानी की समस्या से जनता जूझ रही है।
जलकल शहर की 20 लाख की आबादी को रोज पेयजल आपूर्ति करता है। इसमें वाटर लॉस का प्रतिशत 20 फीसदी है। यानी चार लाख की आबादी की जरूरत पूरा करने वाला पानी नालियों में बह जा रहा है। नल को खुला छोड़ देने, पीने के पानी से बागवानी, गाड़ियों की धुलाई, सड़कों तथा गलियों में बेवजह पानी का छिड़काव करने से सर्वाधिक पानी की बर्बादी होती है। इसके अलावा पेयजल पाइपों में लीकेज भी बर्बादी का कारण है। शहर में ऐसे भी तमाम इलाके हैं जहां नलों में पानी तो पहुंच रहा है लेकिन दूषित व बदबूदार होने के कारण दैनिक उपयोग में भी नहीं किया जा रहा है। दूषित पेयजल होने के कारण भी पानी नालियों में बह रहा है।