बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा था उपचार
- फोटो : अमर उजाला
जानलेवा हमले में गंभीर रूप से जख्मी जल निगम (पेयजल) के जेई सुशील कुमार गुप्ता को गुरुवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से नई दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया गया।
इसके तत्काल बाद सड़क की एक लेन आरक्षित कर 35 मिनट में जेई की एंबुलेंस को ट्रॉमा सेंटर से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचाया गया। हालांकि वहां एयर एंबुलेंस आने में देरी हुई और तकरीबन डेढ़ घंटे इंतजार के बाद जेई को शाम 4:40 बजे नई दिल्ली ले जाया गया।
उधर, मामले में दो अन्य घायलों ठेकेदार कमलेश कुमार सिंह और भूपेंद्र सिंह का उपचार ट्रॉमा सेंटर में जारी है। इस मामले में बुधवार को गिरफ्तार बलिया के आशू सिंह उर्फ महादेव, मयंक मिश्रा व ऋषभ राय, मऊ के अभिषेक यादव उर्फ हेमू और बिहार के कैमूर के विकास को अदालत में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
शाम को मामले के दो अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। इनमें मिर्जापुर के अहरौरा का रोहित वर्मा उर्फ लंबू और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद क्षेत्र का शुभम कुमार गुप्ता शामिल है।
बाकी तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गाजीपुर, चंदौली, मऊ, भदोही और आरा में छापेमारी कर रही हैं। इन सभी के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी की सख्ती पर हरकत में प्रशासन
सीएम योगी आदित्यनाथ
वाराणसी के लंका थाने से लगभग दो सौ मीटर दूर बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) की शाखा के समीप लंका-रवींद्रपुरी मार्ग पर मंगलवार की रात पेयजल पाइप लाइन की गैपिंग ठीक करने के लिए सड़क खोदी जा रही थी।
मौके पर जेई, दो ठेकेदार, दो मजदूर और जेसीबी चालक था। रात 1:30 बजे के लगभग बाइक सवार दो युवक रवींद्रपुरी की ओर से आए। सड़क के गड्ढे में बाइक फंसने के बाद दोनों जेई और ठेकेदार से उलझ गए।
फिर अपने दोस्तों को बुलाकर हॉकी, डंडा, रॉड व ईंट-पत्थर से जेई और ठेकेदारों पर हमला कर दिया। घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया तो हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 10 आरोपियों को चिह्नित कर वारदात के कुछ घंटों बाद ही उनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया।
इस बारे में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि चार अन्य आरोपियों की तलाश में चार थानेदारों की टीम लगी हुई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
32 किलोमीटर की दूरी तय की 35 मिनट में
ग्रीन कॉरिडोर
- फोटो : अमर उजाला
जिंदगी के लिए जूझ रहे घायल जेई को नई दिल्ली ले जाने के लिए दोपहर बाद लंका, भेलूपुर, सिगरा, कैंट, शिवपुर और फूलपुर थानाध्यक्ष के साथ ट्रैफिक पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से बाबतपुर एयरपोर्ट तक सड़क की एक लेन सुरक्षित की।
दोपहर 2:15 बजे जेई सुशील को एंबुलेंस लेकर रवाना हुई और 32 किलोमीटर की दूरी तकरीबन 35 मिनट में तय कर 2:50 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच गई। इस दौरान एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह की मॉनीटरिंग में एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही चौराहे और तिराहे खाली करा लिए जा रहे थे।
बता दें कि इससे पहले भी पांच बार सड़क की एक लेन सुरक्षित कर ट्रैफिक पुलिस मरीजों को शहर से बाबतपुर एयरपोर्ट तक पहुंचा चुकी है।
... मगर एयरपोर्ट पर करना पड़ा डेढ़ घंटे इंतजार
बाबतपुर एयरपोर्ट से जेई सुशील कुमार गुप्ता को नई दिल्ली भेजने के लिए डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक एयर एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। इसे लेकर जेई के परिजनों और जल निगम के अभियंताओं में खासी नाराजगी देखी गई।