छोटा लालपुर में चक्काजाम कर रहे नागरिकों को समझाते पुलिस अधिकारी।
पेयजल संकट से जूझ रहे पांडेयपुर क्षेत्र के छोटा लालपुर में नागरिकों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिक सुबह करीब नौ बजे सड़क पर आ गए और छोटालालपुर पुलिस चौकी पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते आजमगढ़-वाराणसी मार्ग करीब दो घंटे तक जाम रहा। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इसकी भनक लगते ही मौके पर एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, सीओ राजकुमार यादव मौके पर पहुंच गए। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय पर दूषित पेयजल आपूर्ति के विरोध में प्रदर्शन किया। बीडीसी राकेश जायसवाल के नेतृत्व में नागरिक पेयजल संकट के विरोध में सड़क पर आ गए। नागरिकों का आरोप था कि एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। कई बार शिकायत की गई इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस भीषण गर्मी में पानी के लिए लोग बेहाल हैं। नागरिक डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े थे। मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी और सीओ ने नागरिकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। एडीएम सिटी ने जलकल से तीन टैंकर पानी मौके पर पहुंचवाया तब जाकर ग्रामीण माने। इसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ। रविवार को भी सोयेपुर में पेयजल संकट के विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम किया था।
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने हाथ में बाल्टी लेकर जलकल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किरहिया, खोजवा, सरायनंदन इलाके में पानी की आपूर्ति न होने से नाराज महिलाएं और पुरुष जलकल पहुंच गए। वहां विरोध प्रदर्शन करने के बाद जलकल के जीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि जो पानी आ रहा है वह पीने के योग्य नहीं है। इस मौके पर राहुल सिंह, स्वतंत्र सिंह, सोना सिंह, मायापति यादव, मधु भारती, अरुण समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।