गृहकर, जलकर और सीवरकर के एक बिल को नगर निगम ने जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बावजूद इसके अब भी कई लोगों के जलकर और सीवरकर का बिल जनरेट नहीं हो पा रहे हैं। इसे लेकर लोग परेशान हैं। जलकल कार्यालय पहुंचने वाले कई लोग परेशान हो रहे हैं।
विज्ञापन
बिल मांगने पर नहीं दिया जा रहा
लल्लापुरा के पार्षद हारून अंसारी ने कहा कि जलकल की ओर से बिल मांगने पर नहीं दिया जा रहा है। बीते एक माह से दौड़ाया जा रहा है। एक अप्रैल से सभी बिलों को एक किया गया, लेकिन अब भी कुछ बिल समायोजित नहीं हुए हैं। बीते एक सप्ताह में दो बार कार्यालय आ चुका हूं। अब तक नया बिल जनरेट करके नहीं दिया गया। इसके लिए सदन की बैठक में भी निर्देश दिया गया था।
इसी प्रकार राकेश कुमार ने बताया कि वे भी दो बार जलकल कार्यालय दौड़ चुके हैं लेकिन अब तक उन्हें बिल नहीं मिला है। इसके चलते बिल जमा करने में दिक्कत आ रही है। पुराना बिल भी बढ़कर आया है। जिसे सुधरवाने के लिए नए बिल को मांगा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया पोर्टल के चलते दिक्कत थी। जिसे दूर करा लिया गया है। पोर्टल चलने के बाद सभी को एक बिल जारी किए जा रहे हैं। जिन लोगों के बिल में कोई दिक्कत है तो वे कार्यालय में आपत्ति करके इसका समाधान करा सकते हैं। इसके लिए सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।