प्रयागराज हाईवे स्थित राजातालाब से बाबतपुर रोड कोइराजपुर तक सड़क बनने के साथ शहरवासियों को जाम से निजात मिल जाएगी। बड़े वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि रिंग रोड फेज-दो अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। कुछ स्थानों पर तकनीकी काम बाकी है और बारिश होने से कुछ काम प्रभावित है। मगर रिंग रोड का काम समय से पूरा कर लिया जाएगा।
रिंग रोड-2 के किनारे औद्योगिक कलस्टर विकसित करने की योजना पर प्रशासन काम कर रहा है। इसके लिए रामेश्वर के आसपास औद्योगिक कलस्टर के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि रिंग रोड-2 के निर्माण के पूरा होने केसाथ ही औद्योगिक कलस्टर की घोषणा की जाएगी।
एक नजर में
- प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और लखनऊ से आने वाले वाहन रिंग रोड के जरिए शहर के बाहर निकलेंगे
- राजातालाब से हरहुआ तक जाएगी रिंग रोड-2, बाबतपुर के साथ रिंग रोड-1 से भी होगा जुड़ाव
- रिंग रोड-2 के दूसरे फेज का काम मार्च 2022 तक होगा पूरा, चंदौली तक बनाई जाएगी सड़क
- 950 करोड़ की परियोजना को पूरा करने में तीन साल से ज्यादा का लग चुका है समय