13 फरवरी को भोर में 3:30 बजे से शुरू हो जाएगा बाबा काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक
- फोटो : amarujala
13 फरवरी को महाशिवरात्रि के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं। बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती के टिकट के लिए इस बार महाशिवरात्रि पर पांच गुना अधिक शुल्क देना होगा। सामान्य दिनों में मंगला आरती का टिकट शुल्क तीन सौ रुपये है।
महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को इसके लिए 1500 रुपये देने होंगे। महाशिवरात्रि पर बाबा दरबार में होने वाले विविध अनुष्ठानों का भी शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। आम दर्शनार्थियों के लिए मंदिर के पट भोर में 3:30 बजे खोल दिए जाएंगे।
इस दौरान भूत भावन भगवान शिव की छह आरती की जाएगी। यह जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से सोमवार को दी गई। मंदिर प्रशासन के मुताबिक मंगला आरती भोर में 2:15 बजे से 3:15 तक संपन्न होगी और इसके पश्चात 3:30 बजे मंदिर के कपाट आम दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए जाएंगे। मंगला आरती के लिए भक्तों को तीन सौ रुपये की जगह 15 सौ रुपये देने होंगे।