रामनगर। दी लायर्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष अधिवक्ता विनय सिंह चुने गए हैं। पुराना रामनगर स्थित साईं वाटिका में रविवार को संपन्न हुए एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में उन्होंने प्रतिद्वंदी अधिवक्ता अगम कुमार को हराकर जीत दर्ज की।
चुनाव अधिकारी लक्ष्मेश्वर शर्मा की देखरेख में हुए चुनाव में 170 मतदाताओं में से 132 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनय सिंह को 80 मत और अगम कुमार को 52 वोट मिले। महामंत्री पद के लिए अरुण जायसवाल और अविनाश चौहान को 66-66 वोट मिले। अंततः निर्णय लिया गया कि दोनों को संयुक्त रूप से आगामी सत्र के लिए महामंत्री घोषित किया जाए। उपाध्यक्ष पद के लिए कलामुद्दीन और अजय रावत के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। कलामुद्दीन को 68 और अजय रावत को 64 वोट मिले। अजीत कुमार कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुने गए। चुनाव के दौरान उमेश पाठक, विष्णु श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, रामकुमार यादव, विध्नेश्वर चौरसिया, अखिलेश, सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।