वाराणसी। महाशिवरात्रि और महाकुंभ पलट प्रवाह को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन हाई अलर्ट पर है। सोमवार से भीड़ बढ़न की संभावना को देखते हुए एसएसबी, सीआरपीएफ और आरपीएसएफ के जवानों को प्लेटफार्मों और स्टेशन परिसर में तैनात कर दिया गया है। स्टेशन के इंट्री पॉइंट को बंद कर 500 मीटर के दायरा नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। स्टेशन को जोड़ने वाले मार्गों पर सिर्फ पैदल यात्रियों की आवाजाही होगी। मालगोदाम रोड पर गाड़ियां रोक दी जा रही हैं। उधर, द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी गाड़ियाें को छावनी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रोका जा रहा है। लखनऊ मंडल के डीआरएम, सीनियर डीसीएम और आरपीएफ कमांडेंट ने स्टेशन पर डेरा डाल दिया है।
विज्ञापन
रविवार को उत्तर रेल अधिकारियों ने कैंट स्टेशन के कंट्रोल रूम समेत यात्रियों के अन्य दबाव वाले स्थानों का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम से लगायत कामर्शियल स्टाफ को वॉकी टॉकी मुहैया कराई गई। भीड़ प्रबंधन की टीम यात्रियों की सुगमता पर कार्य कर रही है। सभी होल्डिंग एरिया में एटीवीएम और इंक्वायरी सिस्टम एनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है, यात्री जहां ठहरेंगे वहीं से जनरल टिकट बुक कर सकेंगे। डीआरएम एसएम शर्मा ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनरल काउंटर या एटीवीएम पर लाइन लंबी होती है तो कामर्शियल स्टाफ यात्रियों के बीच में जाकर जनरल टिकट की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। टीसी को स्कैनर दिया गया है। बिना टिकट कोई भी यात्री प्लेटफार्म पर नहीं जा सकेंगे। आरपीएफ-जीआरपी, पीएसी और कमिश्नरेट पुलिस की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन और कमिश्नरेट पुलिस अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। प्लेटफार्म संख्या 10 और 11 से भी कुंभ स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा।
विज्ञापन
-
बनारस स्टेशन पर विशेष चौकसी पलट प्रवाह के तहत बनारस स्टेशन पर भी काफी भीड़ होगी। इसे देखते हुए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 2200 यात्रियों का होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहीं पर यात्रियों को ठहराया जाएगा। स्टेशन पर भीड़ बढ़ेगी तो आसपास स्टेशनों पर स्पेशल ट्रेनों को टर्मिनेट किया जाएगा। रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम वीके श्रीवास्तव समेत अन्य ने तैयारियों को परखा। आरपीएफ, जीआरपी को विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है।