रग्बी संघ की ओर से बृहस्पतिवार शाम परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में जिलास्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन के मुकाबले में खुशी के दो और कोमल के एक ट्राई से विकास इंटर कॉलेज ने लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान को 15–10 से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।
लीग आधार पर हो रहे मुकाबले में शुरुआत से ही विकास की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम की कप्तान खुशी पटेल ने तेज दौड़ लगाते हुए पहला ट्राई कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कोमल गुप्ता ने मिडफील्ड से सटीक पास देकर आक्रमण को गति दी जबकि श्रेया पाल ने मजबूत डिफेंस के साथ कई प्रभावी टैकल कर विरोधी टीम के प्रयासों को रोका। दूसरे हाफ में लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान की छवि गुप्ता और रोशनी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक शानदार ट्राई कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। विकास की टीम ने स्क्रम और तेज रनिंग के जरिये पलटवार किया लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में खुशी पटेल ने एक और शानदार ट्राई कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। अंत में विकास की टीम ने 15–10 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। खुशी पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।