काशी भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। छठ पूजा के बाद नमे घाट से हॉट एयर बैलून शो की शुरुआत की जाएगी। नमो घाट से शुरू होने वाली 45 मिनट की हॉट एयर बैलून राइड का किराया 17,688 रुपये होगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
काशी आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों को जल्द ही आसमान से शहर के अर्धचंद्राकार घाटों का विहंगम नजारा देखने का अवसर मिलेगा। महापर्व छठ के समापन के बाद नमो घाट से हॉट एयर बैलून शो की शुरुआत की जाएगी। नमो घाट से शुरू होने वाली 45 मिनट की हॉट एयर बैलून राइड का किराया प्रति व्यक्ति 17,688 रुपये तय किया गया है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत एक बार में 10 पर्यटक सफर कर सकेंगे।
विज्ञापन
वाराणसी स्मार्ट सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शाकंभरी ने बताया कि इसे 15 नवंबर से ही शुरू किया जाना था, लेकिन छठ पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इसे दो दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। अब इसका औपचारिक शुभारंभ छठ पूजा समाप्त होने के ठीक बाद 17 नवंबर से किया जाएगा।
शुरुआती चरण में नमो घाट पर दो हॉट एयर बैलून मंगाए जा रहे हैं। आम सैलानियों के लिए इसे खोलने से पहले तीन दिनों तक इसका गहन तकनीकी ट्रायल रन किया जाएगा। इस ट्रायल के दौरान विशेषज्ञों की टीम हवा के दबाव, गति, दिशा और बैलून की भार वहन क्षमता (लोड) की बारीकी से जांच करेगी।
विज्ञापन
सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने के बाद ही पर्यटकों को इसमें बैठने की अनुमति दी जाएगी। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और पर्यटन विभाग ने इसके संचालन की जिम्मेदारी हैदराबाद की प्राइवेट कंपनी स्काई वोल्ट को सौंपी है।