यूपी के मऊ में कोतवाली में दरोगा द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद तो हड़कंप मच गया। एसपी ने आनन-फानन में दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
वहीं राजनीतिक दलों के हस्तक्षेप के बाद पूरा मामला गरमा गया। इसके बाद सीओ को प्रेसवार्ता कर इस मामले में सफाई देनी पड़ी की पिटने वाला युवक निर्दोष है।
मूल रुप से मुहम्मदाबाद गोहना निवासी एक नाबालिग लड़की जो घोसी कोतवाली के एक गांव में अपनी मौसी के घर को आई थी। लेकिन किसी को बताए बिना वो 18 मार्च को अपनी मौसी के घर से चली गई।
जिसे बाद नाबालिग लड़की की मां ने बलिया जनपद के उभाव थाना के पिपरौली के मूल निवासी और स्थानीय पता भैरोपुर खुरमा गांव निवासी अजीत यादव के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
लेकिन नाबालिग लड़की 30 मार्च को अपनी मौसी के घर वापस आई। जिसके बाद लड़की ने जांच अधिकारी और न्यायालय के समक्ष बयान दिया कि वे अपने मन से अपने मौसी के घर से चली गई थी।
इसके बाद भी जांच अधिकारी दरोगा राजन मौर्या ने शनिवार को अजीत यादव को थाने में लाकर उसकी पट्टे से जमकर पिटाई किया। इस घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हड़कंप मच गया।