धनतेरस व अन्नकूट को देखते हुए यातायात कमिश्नरेट ने गोदौलिया से मैदागिन के बीच एक से पांच नवंबर तक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई है। यहां से होकर गुजरने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए। इस दौरान वाहनों के पास भी निरस्त रहेंगे।
यातायात अपर पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि गोदौलिया से मैदागिन जाने वाले वाहनों को रामापुरा होते हुए लहुराबीर से मैदागिन की ओर जाना होगा। बेनिया तिराहा, सोनारपुरा, गोदौलिया व मैदागिन से भी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान वाहनों के लिए बेनियाबाग पार्क, टाउनहाल पार्किंग, सनातन धर्म इंटर कॉलेज नई सड़क, मजदा सिनेमा, पीडीआर कांप्लेक्स पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मल्टीलेवल पार्किंग के बजाय सड़कों पर खड़े हो रहे वाहन
शहर में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए सरकार और स्थानीय प्रशासन ने चार मल्टीलेवल पार्किंग बनवाए हैं। जिसका प्रयोग न कर आज भी सड़कों पर वाहनों को खड़ा किया जा रहा है। दूसरी ओर प्रशासन द्वारा भी इस पर सख्ती नहीं दिखाई जा रही है। इससे शहर में जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।