प्री मानसून की पहली बारिश होते ही बनारस में सब्जियों के भाव कम हो गए हैं। मंडुवाडीह सब्जी मंडी में हरी सब्जियां 15 से 60 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही हैं। पिछले सप्ताह के मुकाबले प्रति किलो दर से 10 से 15 रुपये कीमतें कम हुई। गुरुवार को भिंडी 20 रुपये में डेढ़ किलो तो टमाटर 60 रुपये प्रति किलो बिका। वहीं, फलों में अनार और सेब की बात की जाए तो इनके भाव में कोई कमी नहीं आई है।
मंडी में देसी और विदेशी सेब की कीमत 80 से 200 रुपये प्रति किलो है। जबकि अनार 80 से 180 रुपये किलो तक बिक रहा है। एक सप्ताह पहले भीषण गर्मी के चलते सब्जियों के दाम में उछाल आया था जो अब कम होने से लोगों को कुछ राहत मिली है। मंडुवाडीह के सब्जी विक्रेता रमेश सोनकर ने बताया कि मौसम के बदलाव के कारण गंगा के तराई क्षेत्र से सब्जियों की आवक बढ़ी है।
कई सब्जियां आसपास के जिलों से भी आ रही हैं। जिससे भाव में कमी आई है। पहडिया मंडी में फल व्यापारी किसान सोनकर ने बताया कि इन दिनों सेब बाहर से आ रहा है जिससे इसकी कीमत बढ़ी है। इसी तरह अनार का उत्पादन कम होने से महाराष्ट्र, गुजरात सहित दक्षिण के राज्यों से कम आवक जिससे अनार भी महंगा हुआ है। इस मोसंबी सबसे सस्ता है जबकि केला, पपीता, कीवी, नारियल जैसे फलों के भाव अभी कोई बदलाव नहीं है।