भेलूपुर थाना अंतर्गत अस्सी पुलिस चौकी के दो सिपाहियों पर मारपीट कर चार हजार रुपये छीनने का आरोप नगवां के सब्जी विक्रेता कार्तिक दास ने लगाया है। रविवार को कार्तिक ने एसएसपी कैंप कार्यालय में गुहार लगाई और अपनी चोट दिखाकर दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की। कार्तिक को आश्वस्त किया गया कि भेलूपुर इंस्पेक्टर से मामले की रिपोर्ट तलब कर कार्रवाई की जाएगी।
कार्तिक दास के अनुसार शनिवार की दोपहर वह साइकल से घर से निकला था। रविदास पार्क के समीप एक परिचित युवक अपने दोस्तों के साथ मिला। उसने कार्तिक को शराब पीने की पेशकश की तो मना कर दिया। इसी बात पर कहासुनी होने लगी, सभी उसे अस्सी पुलिस चौकी ले गए। चौकी के दो सिपाहियों से उक्त युवक कुछ कहा। इसके बाद दोनों सिपाही उसे अंदर खींच लिए। हाथ-पैर बांधकर लाठियों से जमकर पिटाई की। जेब से चार हजार रुपये भी निकाल लिए। काफी मान मनौव्वल के बाद छोड़ा गया। इसके बाद उसने मामले की शिकायत लंका थाने पर की तो दोनों सिपाहियों ने एक बार फिर पिटाई की।