बारिश के बाद सब्जियों की आवक कम होने से मंडी में धनिया पत्ता, मिर्च, बोड़ा सहित कई हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। धनिया 100 रुपये किलो और मिर्च 80 रुपये में बिक रही है। बारिश धान की रोपाई के लिए अच्छी थी लेकिन सब्जियों पर इसका असर पड़ा है। एक सप्ताह पहले जो मिर्च 60 रुपये किलो थी, वह बढ़कर 80 रुपये हो गई।
धनिया 60 से 70 रुपये बढ़कर 100 से 120 रुपये हो गई है। मंडुवाडीह सब्जी मंडी के विक्रेता विशाल ने बताया बारिश के बाद से कम आवक होने से कुछ सब्जियों की कीमतों वृद्धि हुई है। हरी सब्जियों के खुदरा विक्रेता राजेश ने कहा कि बारिश के शुरू होते ही ओर दाम और अधिक बढ़ेंगे। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में सब्जियों को मंडी से बाजार तक पहुंचाने का खर्चा अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा पड़ता है। वहीं नुकसान भी अधिक होता है।
आम का भी बढ़ा भाव
फलों में लंगड़ा आम के कम आवक से 40 से 50 के बजाया 60 से 70 रुपये, फजली और चौसा आम 80 से 100 रुपये किलो में बिक रहे हैं। जबकि केला, सेब, अनार, मोसंबी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं है। पहड़िया मंडी के फल व्यवसायी कृष्ण कुमार सोनकर ने बताया कि अब लंगड़ा आम की आवक कम होने लगी है जिससे इसकी कीमतें बढ़ी है।