जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित सब्जी मंडी में रविवार की सुबह जाम लग गया। सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों और सब्जी उतारते व्यापारियों की वजह से रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में न तो वाहन निकल पा रहे थे, ना ही पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बचा था। करीब दो घंटे तक लोग फंसे रहे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सब्जी व्यापारी सुबह से ही सड़क पर मालवाहन खड़े कर सब्जी उतारने और बेचने में जुट जाते हैं। इससे पूरा मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। स्कूली बच्चों और ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन मंडी में यह स्थिति बन जाती है। प्रशासन की ओर से स्थायी व्यवस्था न होने के कारण लोगों को बार-बार जाम से जूझना पड़ता है। लोगों ने सुझाव दिया कि मार्ग को वन-वे कर दिया जाए और सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।