जमानिया। रेवतीपुर ब्लॉक मुख्यालय पर रविवार को शासन के निर्देश पर विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के निदेशक व विशेष सचिव राज कमल यादव ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में विशेष सचिव ने ब्लॉक मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों, सीएचसी, पंचायत भवन, बीआरसी, आंगनबाड़ी केंद्र, खेल मैदान और जिम सेंटर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं को पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। रेवतीपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार में भी सहभागिता की।
ब्लॉक संसाधन केंद्र के निरीक्षण के दौरान पेयजल बूथ पर गंदगी और टाइल्स न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि इसमें तत्काल सुधार किया जाए। निरीक्षण के बाद ब्लॉक सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर विशेष सचिव ने नाराजगी जाहिर की। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित नेट परीक्षा का डेटा ऑनलाइन फीड न होने और पंचायती विभाग की ओर से बनाए जा रहे शौचालयों का जियो टैग ऑनलाइन प्रदर्शित न होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। विशेष सचिव ने बाल मजदूरी रोकने और बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाने पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और कुपोषण के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।
उन्होंने चारों पीएचसी पर मेडिकल ऑफिसर के रिक्त पदों को शीघ्र भरने का भी निर्देश दिया। इस मौके पर बीडीओ जमालुद्दीन, सीडीपीओ अरुण कुमार दूबे, एडीओ पंचायत शशिप्रकाश राय, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार आदि मौजूद रहे।