वाराणसी में भेलूपुर के एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें युवक आम जन के लिए प्रतिबंधित एमपी-5 गन से फायरिंग करते नजर आ रहा है। वीडियो वायरल के बाद हड़कंप मच गया और भेलूपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
आर्मी कैप्टन दोस्त की मदद से 2014 में आम जन के लिए प्रतिबंधित एमपी-5 गन से फायरिंग करने वाले भेलूपुर निवासी युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। एनएसजी शूटिंग रेंज में आठ साल पूर्व फायरिंग के इस 50 सेकेंड के वीडियो को लेकर भेलूपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। युवक और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
भेलूपुर थाना अंतर्गत रेवड़ीतालाब निवासी युवक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह साड़ी छपाई से संबंधित काम करता है। युवक के अनुसार वर्ष 2014 में अपने दोस्त के साथ सूरत गया था। सूरत से वह मुंबई गया था। वहां एनएसजी में उन दिनों उसके आर्मी के एक दोस्त डिपुटेशन पर तैनात थे।
वह अपने साथियों और मातहतों के साथ फायरिंग रेंज में शूटिंग कर रहे थे। उन्हें देखकर फायरिंग की इच्छा जताई। इसके बाद वह पांच राउंड फायरिंग किया। उसके फायरिंग करने का वीडियो उसके दोस्त ने बना लिया था। भेलूपुर पुलिस के अनुसार दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, उसके आर्मी कैप्टन दोस्त के बारे में भी जानकारियां जुटाई जा रही है।