दशाश्वमेध क्षेत्र के टेढ़ीनीम मोहल्ला स्थित एक रेस्टोरेंट में डोसा में कीड़ा मिलने की शिकायत करने पर दुकानदार और स्टाफ ने दुर्व्यवहार और मारपीट की। यह शिकायत महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने शुक्रवार की रात पुलिस से की। दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें- Video Viral: तीन दिन से भूखा सुदामा पहुंचा पुलिस चौकी, दारोगा से लिपटकर बोला- बीमार मां भी कई दिनों से है भूखी
कोतवालपुरा, बांसफाटक क्षेत्र की रहने वाली सुनीता सोनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भांजे राज के साथ रेस्टोरेंट में गईं और डोसा मंगवाया। उन्हें डोसा में कीड़ा दिखा तो उसके बारे में स्टाफ से पूछने पर कोई जवाब नहीं मिला। सुनीता ने बताया कि डोसा में कीड़ा मिलने के संबंध में रेस्टूरेंट संचालक से बात करने पर वह दुर्व्यवहार करने लगा और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके चलते भीड़ इकट्ठा हो गई। सुनीता ने दशाश्वमेध थानाध्यक्ष से कहा कि उनके साथ ही उनके भांजे को भी मारापीटा गया है। मारपीट में दोनों लोग घायल हुए हैं। उधर, इस संबंध में दशाश्वमेध थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिक और स्टाफ को बुलाया गया है। तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।