मंगलवार को लगातार सातवें दिन बनारस में शीत दिवस नहीं रहा, हालांकि वैसी ही स्थिति बनी रही। दरअसल, अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ही कम था। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मानचित्र के मुताबिक पूरे उत्तर भारत में कोहरे की मोटी चादर फैली है। प्रदेश के उत्तरी तराई के जिलों और उससे लगे पूर्वांचल के जिलों से कोहरे की परत पूरी तरह से नहीं उठने के कारण कोल्ड डे है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार जिले में 24 और 25 दिसंबर को घने कोहरे के यलो अलर्ट की चेतावनी जारी कर दी गई है। घने कोहरे के चलते धूल प्रदूषक भी सड़क के आसपास जम रहे हैं।
इसे भी पढ़ें; वायरल वीडियो से मचा हड़कंप: कॉमेडियन चिरकुट बाबा ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने दी सफाई
15-20 डिग्री के बीच ही रहा पारा
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बनारस में ठंडक अब भी ऐसे ही जारी रहेगी। इसमें कोई कमी आने की उम्मीद नहीं है। हो सकता है कि दिन का पारा 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच में ही गोता लगाए लेकिन इससे ज्यादा होने की संभावना कम ही है।
कोहरा और ठंड बढ़ने के साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर फिर से खतरनाक हो गया है। बनारस की हवा रेड जोन में पहुंच चुकी है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 341 तक पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप पर एक्यूआई 134 और निजी प्लेटफार्म एक्यूआई डॉट इन के अनुसार 340 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप और निजी प्लेटफॉर्म एक्यूआई डॉट इन पर दिख रहे वायु गुणवत्ता के आंकड़ों में अंतर है। बावजूद दोनों ही मंच वाराणसी की हवा को खराब बता रहे हैं। आंकड़ा कुछ अंक ऊपर-नीचे है, लेकिन पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा हवा में खतरनाक स्तर पर है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय रोगियों को विशेष सतर्कता रखने, बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी गई है। एक्यूआई डॉट इन पर मलदहिया का एक्यूआई 382, निराला नगर का 346, भेलूपुर का 334, अर्दली बाजार का 320 और बीएचयू का 318 था। समीर ऐप पर अर्दली बाजार का 175, मलदहिया का 134, बीएचयू का 113 और भेलूपुर का एक्यूआई 105 रहा।