नौतपा में चेहरा झुलसाने वाली धूप हो रही है। मंगलवार की सुबह छह बजे ही तेज धूप निकली, जो दिन चढ़ने के साथ और तेज होती गई। चिलचिलाती धूप और गर्मी से बेहाल लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में जो लोग बाहर निकल भी रहे हैं तो धूप से बचने के लिए छाता, गमछा या दुपट्टे से खुद को ढंककर निकल रहे।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि इस सप्ताह मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं। बंगाल में चक्रवाती तूफान रेमल का असर यहां बहुत कम पड़ सकता है। इस कारण हवा चलने के आसार हैं।
गर्मी का सितम इस कदर कहर बरपा रहा कि सोमवार को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि पूर्वांचल के दस जिलों में सर्वाधिक रहा। यह सामान्य से 2.4 अधिक है। वहीं औसत से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक होकर न्यूनतम तापमान 30.4 रिकॉर्ड किया गया।
10 जिलों में तापमान
- वाराणसी 43.1 30.4 डिग्री सेल्सियस
- जौनपुर 43.0 29.0
- आजमगढ़ 41.0 27.0
- मिर्जापुर 41.0 30.0
- सोनभद्र 42.0 27.0
- चंदौली 42.0 29.0
- गाजीपुर 42.5 28.9
- भदोही 42.7 31.7
- बलिया 41.5 29.5
- मऊ 41.0 30.0 डिग्री सेल्सियस
4 से 5 घंटे कटौती, 3 महीने में ही जल गए 80 ट्रांसफार्मर
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती ने भी लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। पिछले तीन महीने में ही 80 से अधिक ट्रांसफॉर्मर जल चुके हैं। तार टूटने, जलने से भी चार से पांच घंटे तक की कटौती हो रही है। शहरी इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या से भी निजात नहीं मिल पा रही है। इस वजह से एसी भी नहीं चल पा रहे हैं, पंखे की रफ्तार भी धीमी हो गई है। शहर में इस समय मंडुवाडीह नर्सरी, साकेतनगर सहित 20 से अधिक जगहों पर ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति हो रही है। शहरी इलाके में बिजली कटौती खूब हो रही है। सुंदरपुर नेवादा स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी, चांदपुर के मां वैष्णोनगर कॉलोनी, औरंगाबाद, भिटारी क्षेत्र के न्यू बौलिया कॉलोनी, चेतगंज, नरिया के साकेतनगर कॉलोनी सहित अन्य जगहों पर सोमवार को बिजली की आंख मिचौली जारी रही।