बादलों की आवाजाही और हवा में नमी के बाद एक बार फिर काशी में मौसम ने करवट बदल लिया है। सुबह नम हवाएं चलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही, लेकिन दोपहर में धूप तीखी हो रही है। इस कारण लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं। ऐसे में रविवार को न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इधर, सोमवार की सुबह भी मौसम ठंडा रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सोमवार को सुबह का मौसम ठीक रहा। दिन में मौसम गर्म रहने की संभावना है। इसी तरह रविवार को दिन में हवा नहीं चली और धूप भी तेज रही। शाम को भी हवा एकदम ठप रही, इस वजह से गर्मी से राहत नहीं मिली।
मौसम में अचानक हुए इस बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें रविवार को कोई बदलाव नहीं दिखा, लेकिन न्यूनतम तापमान शनिवार को 21.0 की तुलना में रविवार को बढ़कर 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले दो-तीन दिन के भीतर तेज हवा चलने के आसार हैं।