सारनाथ। रेलवे बोर्ड के सदस्य इंफ्रा प्रदीप कुमार जोशी ने सोमवार को सारनाथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफार्मों व सर्कुलेटिंग एरिया का भ्रमण कर यात्री सुविधाओं का हाल जाना। वहीं सारनाथ-भटनी रेल खंड के बीच ट्रेनों की स्पीड 100 किमी से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा करने का परिचालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया। इसके अलावा सारनाथ स्टेशन को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने पर जोर दिया।
रेलवे बोर्ड सदस्य प्रदीप कुमार सुबह 11 बजे पुरातात्विक संग्रहालय परिसर के भ्रमण के बाद सीधे स्टेशन पहुंचे और स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने संबंधित कई बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया सहित प्लेटफार्मों की दीवारों पर आकर्षक कलाकृति बनाने और बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया। परिचालन कक्ष में स्टेशन मास्टर एके सिंह से ट्रेनों के परिचालन की जानकारी लेने के साथ ही ट्रेनों के लेटलतीफी न होने का निर्देश दिया। अधिकारियों को चेताया कि सिग्नल की खराबी को समय पर ठीक करते रहे। रेलवे बोर्ड के सदस्य का सहायक पुरातत्व विद डॉ. नीतेश सक्सेना ने स्वागत किया।