कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर गोपाष्टमी का पर्व मनाया गया। शहर की गोशालाएं विविध शृंगार से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं श्रद्धा के साथ लोगों ने गोपूजन कर मंगलकामनाएं की। धर्मसंघ दुर्गाकुंड परिसर में गोपूजन के दौरान प्रात: काल गायों को स्नान कराया गया। इसके उपरांत षोडशोपचार विधि से पूजन हुआ। गायों को मिष्ठान, फल अर्पित करने के बाद आरती उतारी गई।
कार्यक्रम में जिला जज उमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म में गाय, गंगा, गायत्री, गीता और गोविंद पूजनीय हैं। कार्यक्रम का संयोजन धर्मसंघ के महामंत्री जगजीतन पांडेय ने किया। इस दौरान महामंडलेश्वर कनकेश्वरी देवी, विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, राजमंगल पांडेय आदि मौजूद रहे।
उधर, अस्सी स्थित रामेश्वर मठ में गोमाता की पूजा अर्चना की गई। पूजन समारोह का शुभारंभ स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी ने गोपूजन से किया। इस दौरान रामेश्वर मठ के प्रबंधक वरुणेश चंद्र दीक्षित, रामयश मिश्रा, पूर्णेंदु दीक्षित, कृष्ण कुमार शर्मा, शंकर प्रसाद गौतम, रामअवतार यादव, निधि, बाबू, कमलेश आदि मौजूद रहे।