तीन बच्चों को छोड़ कर मां प्रेमी के साथ गई
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गांव की 35 वर्षीय विवाहिता तीन बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। महिला का पति मुंबई में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पत्नी के लापता होने की सूचना पर पति घर आया और खोजबीन शुरू की। विवाहिता का प्रेमी उसका पड़ोसी बताया गया है। पीड़ित पति ने पत्नी के लापता होने की सूचना मिर्जामुराद थाने की पुलिस को दी है।
जाम लगाने वाले 14 नामजद और 60 अज्ञात पर केस
कोटवां गांव में 11 फरवरी को सरसों के खेत में भैयालाल पटेल का अधजला शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पांच घंटे तक प्रदर्शन किया था। कोटवां-अकेलवा मार्ग पर पांच घंटे तक आवागमन अवरुद्ध रहा था। सोमवार को कोटवां पुलिस चौकी इंचार्ज विशाल सिंह की तहरीर पर हैवतपुर कोटवां के अश्वनी सिंह, गौरव सिंह, अशोक पटेल, अनिल शर्मा, लालू, राहुल यादव, बलवंत सिंह उर्फ बाबा, संदीप कुमार सिंह, रिंकू उर्फ अवधेश मिश्र, रामचंदर यादव, संतोष यादव और छितौनी कोटवां पकवा के बाबा गुप्त व रामधनी पटेल और टड़िया के गुडू और 60 अज्ञात के खिलाफ लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी जेल भेजे गए
किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में चित्रसेनपुर गांव के रहने वाले दिनेश कुमार उर्फ बखेडू और कृष्ण कुमार को मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी की नहाने के दौरान की अश्लील वीडियो और फोटो आरोपियों ने ली थी। वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर दोनों ने छह माह तक सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों को रानेचट्टी के समीप नहर मार्ग से गिरफ्तार किया गया है। मामले के तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर के कार में हाईवा ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे
पंडितपुर बाईपास रोड पर रविवार रात पत्नी का उपचार कराने प्रयागराज जा रहे सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर की कार को हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार के दाएं तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवा को खड़ा कर चालक भाग गया। चंदौली के कैथी तड़िया निवासी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार की सूचना पर रोहनिया थाने की पुलिस ने हाईवा को कब्जे में ले लिया।
गंगा में उतराया मिला युवक शव
तुलसी घाट के पास गंगा में लगभग 22 साल के युवक का शव उतराया मिला। लोगों की सूचना पर पुलिस ने 11 एनडीआरएफ और जल पुलिस की मदद से शव को बाहर निकलवाया। युवक के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। फिलहाल, उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
कुल्हाड़ी से वार कर दो भाइयों को घायल किया
रोहनिया थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में दो मनबढ़ों ने दो भाइयों पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों भाइयों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। कादीपुर निवासी ऑटो चालक चंद्रमा प्रसाद अपने घर के पास खड़ा था। उसी दौरान अजय कुमार और सोनू बिंद उसके पास आए। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। चंद्रमा का छोटा भाई किशन बीचबचाव करने आया। आरोप है कि सोनू बिंद कुल्हाड़ी लाकर चंद्रमा और किशन पर वार कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चंद्रमा की पत्नी ममता देवी की तहरीर पर रोहनिया थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
पड़ोसी पर दर्ज कराया मारपीट का मुकदमा
अशोक बिहार कॉलोनी में रहने वाले शिवम सिंह और उनके माता-पिता को पड़ोस में रहने वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शिवम सिंह ने जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शिवम का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला पंकज शर्मा आए दिन उनसे झगड़ा करता है।
पुरानी रंजिश में मारपीट, पांच पर मुकदमा दर्ज
कपसेठी थाना क्षेत्र के अकोड़ा गांव में रंजिश को लेकर दो पक्षों में सोमवार को मारपीट हुई। चार लोग घायल हो गए और दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त किए गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमन कुमार सिंह ने बताया कि गांव के ही आनंद सिंह से विवाद चल रहा था। 10 फरवरी को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उसे लेकर फिर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आनंद सिंह पक्ष के लोगों ने अमन सिंह और उनके परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। अमन सिंह की तहरीर पर आनंद सिंह, अरुण सिंह, शिव सिंह, आदर्श सिंह और पिंकी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाने की पुलिस ने किशोरी के अपहरण के आरोपी आलोक कुमार कनौजिया को सिटी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आलोक राज मंदिर इलाके का निवासी है। किशोरी बरामद कर ली गई है। किशोरी के पिता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
किशोरी के अपहरण के आरोप में दो के खिलाफ मुकदमा
पिता ने नाबालिग पुत्री के अपहरण के आरोप में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कानूडीह, शिवपुर निवासी रवि राजभर और अंकित राजभर ने उनकी पुत्री का अपहरण किया है। पिता ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले पुलिस चौकी चांदमारी पर शिकायत की थी। वहां से उन्हें गाली देकर भगा दिया गया था। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई।
ई-रिक्शा चालक को मारपीट कर किया घायल
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट में सोमवार को ई-रिक्शा चालक राजकुमार (26) को तीन युवकों ने लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इस मामले में तेलियाना (प्रह्लाद घाट) निवासी राजकुमार ने शुभम समेत दो अज्ञात युवकों के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। राजकुमार ने बताया कि वह ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। घर के पास ही वहीं के रहने वाले शुभम को ई-रिक्शा से हल्का धक्का लग गया। इस पर शुभम और उसके दो दोस्तों ने उसकी पिटाई कर दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने चौकी प्रभारी पर पीटने का आरोप लगाया
कबीटोला मच्छरहट्टा की रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेमलता ने सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने रामनगर थाने के कस्बा चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह की शिकायत की। कहा कि पारिवारिक विवाद में कस्बा चौकी प्रभारी ने उन्हें और उनके पति को डंडे और थप्पड़ से मारा। दो बेटियों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस संबंध में पूछे जाने पर कस्बा चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह ने दंपती से मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करने से साफ इंकार किया। कहा कि यह आरोप पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से लगाया गया है। उधर, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने कहा कि मामले की जांच एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक को सौंपी गई है। जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के आरोप में दो महिलाएं पकड़ी गईं
लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में सोमवार सुबह मरीजों के पैसे चुराने के आरोप में दो महिलाएं पकड़ी गईं। आरोप है कि दोनों महिलाएं पर्ची कटाने की लाइन और डॉक्टर को दिखाने वाली लाइन में लगकर लोगों के पर्स से पैसे चुरा रही थी। दोनों को मरीजों ने ही पैसा चुराते हुए पकड़ा। रामनगर थाने ले जाई गईं दोनों महिलाओं की तलाशी में कुछ भी बरामद नहीं हुआ।
ढाबा संचालक और ग्राहकों के बीच मारपीट, केस दर्ज
खुशीपुर भदवर के एक ढाबा पर रविवार रात संचालक और ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट हुई। जगतपुर निवासी विजय कुमार सिंह ने रोहनिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि भदवर निवासी महेश सिंह, विशाल सिंह, अभिषेक सिंह, अक्षय सिंह उर्फ मोंटी और अज्ञात कार सवार ने मुफ्त में खाना न देने पर मारपीट की। साथ ही, गल्ले से पैसा भी निकाल लिए। संवादमारपीट में आशुतोष सिंह, सुभाष सिंह, शनि सिंह, रविंद्र व बहादुर घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के भदवर निवासी अनिल सिंह ने आरोप लगाया गया कि खाना में कीड़ा मिलने की शिकायत ढाबा मालिक सोनू सिंह से की गई तो वह मारपीट करने लगे। इस पर उन्होंने फोन कर लोगों को घर से बुलाया। उन सबके साथ भी ढाबा मालिक सोनू सिंह ने अपने कर्मचारियों के साथ मिल कर मारपीट की। मारपीट में उनकी आंख में गंभीर चोट लगी है। उनके भतीजे मोंटी सिंह की अंगुली टूट गई है। रोहनिया थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में मुकदमा
सारनाथ थाने में एक युवती की तहरीर पर युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र का आयर निवासी विनीत पटेल उसे शादी का झांसा देकर रिंग रोड के एक होटल में ले गया। वहां उसका यौन शोषण किया। जब वह शादी की बात कहने लगी तो विनीत ने इंकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
चोरी के आरोप में एक युवक भेजा गया जेल
सारनाथ थाने की पुलिस ने चोरी के आरोप में सोमवार को हिरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। युवक के खिलाफ सारनाथ थाने में चोरी के आरोप में छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से नौ हजार रुपये, और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। थानाध्यक्ष सारनाथ विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की पहचान नेहिया मंगारी निवासी अभिषेक दूबे के रूप में हुई है। बताया कि शनिवार भोर पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश पकड़े गए थे। उसी गिरोह का अभिषेक सदस्य है।
दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ परिवाद दर्ज
गाली देने का विरोध करने पर दरोगा प्रभाकर सिंह और दो सिपाहियों अतहर जमा खां व मिथिलेश यादव के खिलाफ दाखिल प्रार्थना पत्र को दर्ज रजिस्टर करने के साथ ही अदालत ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आख्या तलब की है। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तिथि 24 फरवरी नियत की है।
बर्थराकला निवासी कौशल कुमार यादव ने अधिवक्ता के जरिये अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि वादी 28 जनवरी 2025 को ट्रक लेकर अपने घर आ रहा था। कैथी टोल प्लाजा के पास बड़े वाहनों को रोकने के कारण ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इस बीच दरोगा प्रभाकर सिंह और दो सिपाही अतहर जमा खां व मिथिलेश यादव वहां पहुंचे और गाली देने लगे।
विरोध करते हुए शहर न जाकर अपने घर जाने देने की अनुमति मांगी। इस पर तीनों पुलिसकर्मी भड़क गए और गाली देते हुए लाठी से मारने लगे। लहूलुहान होने के बाद उसी हालत में पुलिस कर्मी उसे उठाकर चौबेपुर थाने ले गए और अगले दिन चालान कर दिया। जमानत पर छूटने के बाद उसने अपना उपचार और मेडिकल मुआयना मंडलीय अस्पताल में कराया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई है।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से उत्तराखंड के श्रद्धालु की मौत
भीखीपुर के काशी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पास हाईवे को क्रॉस करते समय सोमवार शाम तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उत्तराखंड के चंपावत जिले के भुंबरी थाने के झलपुड़ा पाटी गांव से तीन दिन पहले एक कार में सवार होकर छह श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे।
महाकुंभ करने के बाद सोमवार शाम सभी बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने जा रहे थे। काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज के पास नेशनल हाईवे पर जलपान के लिए चालक ने कार रोक दी। चाय पीने के लिए सड़क पार कर रहे सदानंद भट्ट (60) तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची मिर्जामुराद थाने की पुलिस घायल दर्शनार्थी को इलाज के लिए समीप के नर्सिंगहोम में ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भीड़ के चलते विभूति एक्सप्रेस के यात्रियों की छूटी ट्रेन
डायवर्जन के चलते सोमवार को विभूति एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से रवाना हुई। वहीं, भीड़ और जानकारी के अभाव में अधिकतर यात्रियों की ट्रेन छूट गई। रेलवे की व्यवस्था पर यात्रियों ने काफी नाराजगी जताई। कोलकाता के रहने वाले राहुल शर्मा ने बताया कि वह महाकुंभ में आए थे। रामबाग स्टेशन पर एनाउसमेंट हुआ कि विभूति एक्सप्रेस बनारस स्टेशन से जाएगी। इस पर किसी तरह प्रयागराज से बनारस स्टेशन पहुंचे, लेकिन ट्रेन प्लेटफार्म संख्या एक से छूट चुकी थी। यात्री सुनील कुमार ने बताया कि महाकुंभ से लौटे थे लेकिन भीड़ इतनी थी कि कोच में सवार नहीं हो सके। बहुत से यात्री तो जान जोखिम में डालकर दूसरे ट्रैक से कोच में चढ़े। आरपीएफ का कहीं पता नहीं चला। अधिकतर यात्रियों की ट्रेन छूटी है।
विश्व कल्याण के लिए 21 वैदिक ब्राह्मण कर रहे पूजा
मां अन्नपूर्णा मंदिर के कुंभाभिषेक के बाद विश्व के कल्याण के लिए अनुष्ठान शुरू हो गया है। मंदिर के महंत शंकर पुरी ने बताया कि 48 दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन 21 वैदिक ब्राह्मण एक घंटा पूजन करते हैं। विश्व के कल्याण, शांति व देश की उन्नति के लिए पूजन होता है। शृंगेरी शंकराचार्य विधुशेखर भारती स्वामी के सानिध्य में नौ दिनों तक चले कुंभाभिषेक नौ फरवरी को पूर्णाहुति हुई थी।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने सारनाथ में किया भगवान बुद्ध का पूजन
केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजवीर सिंह ने सोमवार की शाम को सारनाथ का भ्रमण किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने भगवान बुद्ध का दर्शन-पूजन कर संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही सारनाथ वैश्विक धरोहरों की सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
केंद्रीय मंत्री शाम चार बजे मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर पहुंचे। वहां विहाराधिपति भिक्षु आर सुमितानंद थेरो ने स्वागत कर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर पूजन कराया। इसके बाद वे सीधे पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंचे। धमेख स्तूप के समक्ष जमीन पर बैठकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह ने थाई पर्यटकों से सुविधाओं की जानकारी ली।
मंत्री ने मेडिटेशन सेंटर बनवाए जाने की बात कही। इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बात करते हुए मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पुरातात्विक स्मारकों के 100 मीटर दायरे में निर्माण प्रतिबंधित है। यदि सारनाथ में ऐसा हुआ है तो स्थानीय स्तर के अधिकारी दोषी हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। इस दौरान भिक्षु के मेधानकर थेरो, कमिश्नर कौशल राज शर्मा, उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत आदि मौजूद रहे।
बीएचयू में फूड साइंस पर 21 दिन का ट्रेनिंग कोर्स शुरू
बीएचयू में फूड साइंस और डेयरी टेक्नोलॉजी पर 21 दिनों का ट्रेनिंग कोर्स शुरू किया गया। बीएचयू के डेयरी विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को पहले दिन वैज्ञानिकों ने 25 प्रतिभागियों और युवा वैज्ञानिकों को प्रशिक्षित किया। कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में भारत के आत्म निर्भर होने के बाद अगली चुनौती खाद्य अपशिष्ट पदार्थों की उपयोगिता और संरक्षण की बात होती है। खाद्य और डेयरी वेस्ट जैसे छाछ, मौलेसिस अदि का उपयोग पैकेजिंग फिल्म और जैव उत्प्रेरक बनाने में किया जा सकता हैं। प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. अमृता पुनिया ने बताया कि ये ट्रेनिंग प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों के शोध में काफी उपयोगी होगी।
पांडेयपुर में सुलभ शौचालय का मेयर ने किया लोकार्पण
पांडेयपुर चौराहे पर पुलिस चौकी के बगल में सोमवार को सुलभ शौचालय का लोकार्पण मेयर अशोक कुमार तिवारी ने किया। शौचालय के अलावा एटीएम मशीन से पेयजल, कॉफी, पेय पदार्थ, जूता सफाई मशीन के साथ गोद के बच्चों को सुरक्षित सुलाने के लिए स्टैंड मामूली शुल्क पर शुरू किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्रम देकर मेयर ने सम्मानित किया। सुलभ के प्रतिनिधि ने बताया कि 56.78 लाख से निर्मित अत्याधुनिक शौचालय में कई सुविधाएं हैं। इस अवसर पर भाजपा के महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, खजुरी के पार्षद मदन मोहन दूबे, पार्षद अभय पांडेय, पार्षद राजेंद्र मौजूद रहे।
काशी पहुंचे दिग्गज क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सिगरा में खेली जा रही टी-10 डीपीएल में हिस्सा लेने मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर सोमवार की देर शाम वाराणसी पहुंच गए। वाराणसी में उनका स्वागत दिव्यांग बंधु उत्तम ओझा ने पुष्प गुच्छ भेंटकर किया। दिलीप वेंगसरकर सिगरा में खेली जा रही दिव्यांग क्रिकेट लीग के समापन समारोह में खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी मनाली वेंगसरकर भी वाराणसी आई हैं।
डॉल्फिन के बारे में बच्चों को किया गया जागरूक
चौबेपुर क्षेत्र के ढाका स्थित गांगेय डॉल्फिन केंद्र में सोमवार को फ्रांस से आईं विज्ञान की शिक्षक अंजलिका बच्चों को डॉल्फिन के बारे में जानकारी दी। साथ ही उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से डॉल्फिन प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। डॉल्फिन मित्र प्रिती ने श्री गौरी शंकर महादेव घाट पर डॉल्फिंन के बारे में बताया। कहा कि नदी में डॉल्फिन कि अठखेलियां देखने के लिए हजारों कि संख्या में पर्यटक आ रहें हैं। उन्होंने किट का वितरण भी किया। इस अवसर पर गंगा प्रहरी जितेन्द्र, भोला प्रसाद, रजनीश पांडेय, राजू आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ता अधिनियम संशोधन कानून के विरोध में नहीं किया काम
पिंडरा तहसील के पुस्तकालय भवन में सोमवार को अधिवक्ताओं की बैठक हुई। बैठक में तहसील बार एसोसिएशन, पिंडरा ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित अधिवक्ता अधिनियम संशोधन कानून का विरोध किया और पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। मुख्यमंत्री और प्रदेश व केंद्र के विधि मंत्रालय के नाम उप जिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शिवपूजन सिंह ने कहा कि विधि के क्षेत्र में पारदर्शिता के लिए केंद्र सरकार ने जो मसौदा सार्वजनिक किया है, उसमें अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए विधिक प्रावधान नहीं है। अधिवक्ताओं की हत्या और उन पर आपराधिक हमले को लेकर केंद्र सरकार को इस मसौदे में कड़ा प्रावधान करना चाहिए। इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल, महामंत्री सुधीर सिंह, अजय सिंह, अजय श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, कमला मिश्रा मौजूद रहे।
विदेशी पर्यटक के पैर में लगी चोट, दुकानदार ने की पट्टी
सारनाथ में भ्रमण पर आई एक महिला पर्यटक स्थाई बौद्ध बिहार में गिरकर घायल हो गई। महिला पर्यटक का उपचार स्थानीय हैंडिक्राफ्ट का दुकान लगाए दुकानदार ने किया। जानकारी के अनुसार, डेनमार्क की रिक्के और स्टीन सोमवार दोपहर प्रथम धर्म उपदेश स्थली पर आए थे। इसी दौरान महिला पर्यटक को पैर में चोट लग गई। उसके पैर से खून बहने लगा। महिला पर्यटक कुछ दूर चलकर संग्रहालय पर पहुंची। खून निकलता देख दुकानदार राजेश कुमार ने उसकी मरहम पट्टी की। महिला पर्यटक व उसके साथी ने लोगों का आभार जताया।
नगर निगम पर प्रदर्शन आज
स्थानीय निकाय और राज्य कर्मचारी वेलफेयर फोरम की ओर से कर्मचारियों का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम पर प्रदर्शन किया जाएगा। फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने बताया कि नगर निगम में कार्यरत सेनेटरी इंस्पेक्टर की ओर से मनमानी की जा रही है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसे लेकर प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर 150 लोगों की स्क्रीनिंग, चार का लिया गया सैंपल
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बाबतपुर एयरपोर्ट पर काम करने वाले 150 श्रमिकों की स्क्रीनिंग कर उनको टीबी के कारण, बचाव के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान चार लोगों में टीबी के संभावित लक्षण दिखने पर उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि 100 दिवसीय सक्रिय क्षय रोग खोजी अभियान के तहत स्क्रीनिंग कर जरूरी दवाइयां भी दी गई है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि जिन लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है, उनकी रिपोर्ट आने के बाद सभी का निशुल्क उपचार करवाया जाएगा। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान वाराणसी में 24 मार्च 2025 तक चलाया जा रहा है।
गंगा पर छाया अवैध नावों का जहरीला धुंआ
महाकुंभ पलट प्रवाह से सिर्फ सड़कें ही जाम नहीं हैं। गंगा में भी ट्रैफिक का सैलाब आया है। नगर निगम में कुल 1217 नावें पंजीकृत हैं, लेकिन गंगा में 2500 नाव चल रही हैं। इसमें डीजल नाव की संख्या 1500 है। सीएनजी की संख्या 800 है। बाकी कुछ नाव हाथ वाली भी हैं। डीजल से नाव चला रहे नाविक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, इंजन की सर्विस न होने से वह जहरीला धुंआ छोड़ रही है। गंगा में दूर से ही काली धुंध छाई दिखाई दे रही है। पुलिस ने करीब दो सप्ताह पहले करीब 15 लोगों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था। इसके नाविकों ने नाव का संचालन ठप कर धरना देना शुरू कर दिया था। दो दिन तक चले धरने के बाद उन्हें नावें चलाने की अनुमति दे दी गई और उसके बाद ही धड़ल्ले से नावों का संचालन चालू है।
वीडीए की ओर से ध्वस्त कराई गई अवैध प्लॉटिंग
वीडीए की ओर से सोमवार को अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि शिवपुर वार्ड के परमानंदपुर होलापुर के विनीत पांडेय ने 4 हजार वर्गफीट में अवैध प्लॉटिंग विकसित की थी। पूर्व में अवैध निर्माण पर नोटिस दिया गया था, लेकिन नहीं मानने पर प्रवर्तन टीम ने ध्वस्त कराया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
गिरजाघर, गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग बंद होने से व्यापार शून्य
गिरजाघर से गोदौलिया-दशाश्वमेध क्षेत्र की एक लेन को बंद किए जाने और फुटपाथ पर पटरी के दुकानदारों के कब्जा से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार की शाम दशाश्वमेध व्यापार मंडल की बैठक में श्रद्धालुओं को आ रही दिक्कतों पर चर्चा हुई। संरक्षक अशोक जायसवाल और श्रीनारायण खेमका ने कहा कि बिना सूचना के गिरजाघर से गोदौलिया तक के एक लेन को बंद कर दिया गया है, जिससे उस मार्ग के सभी दुकानदारों का व्यापार शून्य हो गया है। गोदौलिया दशाश्वमेध मार्ग के फुटपाथ पर पटरी के दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पैदल चलने में भी काफी दिक्कत हो रही है। सुझाव दिया कि पुलिस और प्रशासन को उक्त मार्ग पर महाशिवरात्रि तक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। बैठक में मंडल के अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान, महामंत्री दीपक वासवानी, विनय यादव, प्रेम पेसवानी, श्यामसुंदर गाड़ोदिया मौजूद रहे।
शिकायतकर्ता को ही नहीं पता कि उसकी शिकायत क्या है...
डीपीआरओ आदर्श कुमार के निर्देश पर सोमवार को ग्राम पंचायत कादीपुर में टीम अनियमितताओं की शिकायत पर जांच करने पहुंची। श्रम उपायुक्त राजेश कुमार झा ने शिकायतकर्ता से शिकायत के बारे में पूछा। कहा कि आपने शिकायत में जिन निर्माण स्थलों का जिक्र किया, वहां ले चलिए। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत ही भूल चुका था। उसने कहा कि अब याद ही नहीं है। इस पर उसका शिकायती पत्र मंगवाकर स्थान देखा गया। श्रम उपायुक्त ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है। जल्द ही उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी।
नरोत्तमपुरकला में 2783 मतदाता डालेंगे वोट
नरोत्तमपुरकला गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए 19 फरवरी को मतदान होना है। सोमवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय पर अधिकारियों की देखरेख में कर्मी तैयारी में जुटे हुए हैं। एआरओ शैलेंद्र सोनकर ने बताया कि नरोत्तमपुरकला गांव के प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। जहां चार बूथ पर मतदान कराए जाएंगे। कुल मतदाताओं की संख्या 2783 है। प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय से पोलिंग पार्टियां बूथ के लिए रवाना होंगी।
छात्र देंगे मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी तभी मिलेगा छात्रावास का कमरा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य के विद्यार्थियों को छात्रावास में कमरा तभी आवंटित किया जाएगा, जब वह समर्थ पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपलोड करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने बताया कि शास्त्री तृतीय, चतुर्थ, पंचम सेमेस्टर और आचार्य तृतीय सेमेस्टर के ऐसे छात्र जिनको छात्रावास आवंटित हुआ है, अगर समर्थ पोर्टल पर 25 फरवरी तक मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी अपलोड नही करेंगे तो उनका आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।