मिर्जामुराद क्षेत्र के बहेड़वा हाल्ट प्लेटफॉर्म पर बुधवार को प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन से गिरकर सोनभद्र निवासी 24 वर्षीय लवकुश की मौत हो गई। वह ट्रेन के गेट पर खड़ा था। अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बहेड़वा आराजीलाइन के ग्राम प्रधान संजय कुमार ने 112 पुलिस और जीआरपी रेलवे को सूचना दी। युवक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र के रामपहरी गांव निवासी लवकुश के रूप में हुई।
सूचना के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन जीआरपी के आने में करीब दो घंटे का समय लग गया। बाद में जीआरपी चौकी प्रभारी माधो सिंह और स्टेशन प्रभारी धर्मेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के अनुसार, लवकुश मंगलवार देर रात नौकरी के सिलसिले में मुंबई जाने के लिए घर से निकला था। उसके साथ गांव के तीन अन्य दोस्त भी यात्रा कर रहे थे।
मृतक अपने पिता ज्ञानचंद का इकलौता पुत्र था और अविवाहित था। उसके पिता पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के आने पर विधिक कार्रवाई के बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 वर्षीय युवती ने अपने पड़ोसी परिवार पर लंबे समय से शारीरिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर बताया कि आरोपी ने करीब सात वर्ष पूर्व उसे डरा-धमकाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। युवती का यह भी आरोप है कि उसे जबरन गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया।
पीड़िता के अनुसार, 22 जुलाई 2025 को आरोपियों ने उसे घर बुलाकर बेरहमी से पीटा, गहने छीन लिए और जान से मारने की कोशिश की। बेहोशी की हालत में वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सकी। उसने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को भी उसने पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शिवपुर थाने में सात नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
निवेश का झांसा देकर डेढ़ लाख की ठगी, तीन पर प्राथमिकी
वाराणसी। शेयर ट्रेडिंग में तगड़ा मुनाफा का झांसा देकर डेढ़ लाख से अधिक नकदी हड़पने और फर्जी तरीके से गैजेट्स फाइनेंस कराने के मामले में लोहता थाने में बुधवार को तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। लोहता थाना क्षेत्र के महुआरिया चंदापुर निवासी पीड़ित कीर्ति कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि बिहार के रोहतास के कोचस निवासी आलोक कुमार, कोचस निवासी आरव इंटरप्राइजेज के गोविंद सिंह और बिट्टू ने ट्रेडिंग में डेढ़ लाख रुपये निवेश कराया। तगड़ा मुनाफा का झांसा देकर फर्जी प्रपत्रों के आधार पर लैपटॉप और मोबाइल भी फाइनेंस करवाया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सरकारी जमीन पर गाड़े गए पिलर उखाड़े
नगर निगम सिगरा कार्यालय के लेखपाल लालबहादुर शर्मा की शिकायत पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी गई तहरीर में लेखपाल लालबहादुर शर्मा ने बताया कि 26 अप्रैल को मौजा तरना सदर तहसील क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय के सामने स्थित बालिका विद्यालय की सरकारी भूमि पर सीमांकन के लिए पिलर गाड़कर बैरिकेडिंग कराई गई थी। कुछ अराजक तत्वों ने इन पिलरों को उखाड़कर फेंक दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।
आजाद नगर कॉलोनी फुलवरिया कैंट निवासी गौरव सिंह ने आरोप लगाया है कि उधार दिए गए पैसे मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 26 अप्रैल को लक्ष्मणपुर, शिवपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह और उनकी माता संजू सिंह ने उधार राशि लौटाने का आश्वासन दिया था और कहा था कि लिखापढ़ी कर कुछ दिनों में पैसा दे दिया जाएगा। लेकिन अगले दिन संपर्क करने पर उनका मोबाइल नंबर बंद मिला। 27 अप्रैल की रात वह सिद्धार्थ सिंह से मिलने उनके घर लक्ष्मणपुर पहुंचा। गेट के बाहर आवाज लगाने पर आरोप है कि सिद्धार्थ सिंह गुस्से में बाहर आया और ईंट से हमला कर दिया। हमले में गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मारपीट और धमकी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
आग से झुलसे युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चौबेपुर गांव में गैस रिसाव से लगी आग में झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चौबेपुर गांव निवासी 28 वर्षीय गोविंद कन्नौजिया जो मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है, 25 अप्रैल की रात घर में ही मौजूद था। उसी दौरान भोजन बनाते समय गैस पाइप में लीकेज हो गया, जिससे अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर गोविंद गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उसका इलाज चल रहा था। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।