फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की टॉप खबरें: 50 रुपये के लिए पिता-पुत्र का सिर फोड़ा, दून एक्सप्रेस में मिले 35 कछुए

Sun, 22 Dec 2024 12:33 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi Top News: वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में रहीं। इनमें 50 रुपये के लिए मारपीट कर पिता- पुत्र को घायल करने और दून एक्सप्रेस में कछुए मिलने के साथ ही होटल की तीसरी मंजिल युवती के गिरने के मामले में आरोपी को जेल भेजने का मामला चर्चा में रहा।  
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

50 रुपये के लिए पिता-पुत्र का सिर फोड़ा

विज्ञापन

50 रुपये को लेकर 25 लोगों ने ओरीपुरा निवासी मोहम्मद बहाउद्दीन और उसके पिता को मारपीट कर सिर फोड़ दिया। मोहम्मद बहाउद्दीन ने बताया कि वह सामान लेने गया था। 500 रुपये का नोट देने पर दुकानदार ने 50 रुपये का सामान कम दिया। इसे लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद जमालू अजान, जनरल जमालुद्दिन, आसिफ, राशिद, नेहालुद्दिन अरमान, कमालुद्दीन, साकिब, आरिफ, छोटू, सोनू सहित 25 लोग लाठी-डंडे और कट्टा लेकर घर पर आए। सभी ने मारपीट कर उसका और उसके पिता का सिर फोड़ दिया। 

दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 35 कछुए मिले
ट्रेन संख्या 13010 दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से कैंट जीआरपी ने शनिवार शाम 35 जिंदा कछुए बरामद किए। लावारिस में बैग और बोरी के अंदर इन्हें रखा गया था। इनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में आठ से दस लाख रुपये है। सभी कछुओं को वन विभाग को सुपुर्द किया गया। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि दून एक्सप्रेस शाम 5.30 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। जनरल कोच से एक एयरबैग और एक बोरी मिली। यात्रियों ने बताया कि काफी देर से कोई इसे देखने नहीं पहुंचा। बैग और बोरी से 35 कछुए मिले। कछुओं का वजन 25 किलो है। पश्चिम बंगाल में इनकी काफी मांग होती है।  
विज्ञापन


सराफा व्यापारी से 11.380 किलो चांदी लेकर नहीं दिया पैसा
बौलिया बाग, नाटी इमली निवासी सराफा व्यापारी आकाश सेठ ने 11.380 किलो चांदी रेशम कटरा के पंकज कुमार सोनी पर हड़पने का आरोप लगा चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आकाश ने बताया कि रेशम कटरा में वह सराफा का होलसेल का काम करते हैं। पंकज की दुकान सामने है। पंकज ने 11.380 किलो चांदी का जेवर एक सप्ताह में भुगतान करने की शर्त पर उधार लिया था। 10 दिसंबर को जब उन्होंने पंकज से भुगतान मांगा तो वह टालमटोल करने लगा।

बार-बार तगादा करने पर पंकज ने हालमार्किंग मशीन दी और कहा कि अभी पैसा नहीं है। मशीन रख लीजिए, 10 दिन में पूरा पैसा दे देंगे। पंकज पर विश्वास कर उन्होंने 10 दिन का समय फिर दिया। शुक्रवार को पंकज भुगतान की बात करने पर वह गालीगलौज करने लगा। धमकी दी कि बकाया मांगोगे या बाजार में जिक्र करोगे तो जान से मरवा देंगे। सूचना मिली है कि पंकज उनका पैसा हड़प कर बनारस छोड़ कर अपने गांव बिहार के कैमूर के उत्तर पोखरा, हाटा बाजार भागने की फिराक में है।  

उत्कर्ष बैंक के डिप्टी मैनेजर के बंद मकान में चोरी

चांदमारी के खुशहाल नगर कॉलोनी निवासी उत्कर्ष बैंक के डिप्टी मैनेजर सौरभ सिंह के बंद मकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर घर की बाउंड्री वॉल से घुसे और तीन कमरे का ताला तोड़कर आभूषण चोरी कर ले गए। सौरभ सिंह ने बताया कि वह पांच दिसंबर को अपनी मां निर्मला सिंह का इलाज करवाने दिल्ली गए थे। शनिवार सुबह वापस आए तो देखा कि तीन कमरों में लगे ताले टूटे थे। दो सोने की चेन, एक सोने की रिंग, मांगटीका, टप्स, बारह चांदी के सिक्के आदि पांच लाख के आभूषण चोरी थे। मौके पर पुलिस जांच पड़ताल कर चली गई। सौरभ ने लिखित सूचना शिवपुर पुलिस को दी है।  

युवती को नहीं आया होश, आरोपी गया जेल
रामकटोरा के होटल एसवी ग्रैंड की तीसरी मंजिल के कमरे की खिड़की से धक्का देकर नीचे गिराई गई प्रियंका कुमारी को तीसरे दिन शनिवार को भी होश नहीं आया। प्रियंका बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। आरोपी दोस्त धनबाद के भट्ट, नया बाजार निवासी मोहम्मद फुरकान को शनिवार को चेतगंज थाने की पुलिस ने अदालत में पेश किया। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि फुरकान को अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। युवती के साथ उसके परिजन अस्पताल में हैं। उन्हें कहा गया है कि पुलिस उनकी मदद के लिए तत्पर है।  

बाउंड्रीवॉल गिराकर जबरदस्ती रास्ता बनाने वालों पर केस
वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चितईपुर थाने में निजी जमीन से रास्ता बनाने वाली अंजना राय, मनीष राय, मनीष सिंह, विनोद सिंह, सहादूर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मूलरूप से मिर्जामुराद के बहेड़वा गांव की रहने वाली रीता मिश्रा हुड्डा हरियाणा में रहती हैं। रीता ने अक्तूबर 2017 में टिकरी की रहने वाली अंजना राय से रजिस्ट्री कराई थी। इसके बाद रीता अपने पति चंद्रकांत मिश्रा के पास हरियाणा चली गई। 29 सितंबर को प्लॉट पर रीता गई तो उनकी प्लॉट के दीवार को तोड़कर रास्ता बना दिया गया था। जमीन बेचने वाली अंजना राय के पति राजीव राय साथियों के साथ गालीगलौज कर जमीन पर बनाए गए रास्ते को नहीं हटाने की धमकी देने लगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। 

कंप्यूटर के छात्र ने फंदे पर लटककर दी जान

लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर पटेल बस्ती में युवक ने शनिवार देर शाम फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भगवानपुर निवासी माता प्रसाद विश्वकर्मा का छोटा बेटा विवेक (18) 12वीं कक्षा पास कर भेलूपुर में एक इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर का कोर्स करता था। चार पांच दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। देर शाम विवेक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। रोशनदान से झांका तो पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे विवेक लटका हुआ था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। मां शीला देवी, बहन ज्योति और बड़े भाई राजू का रो-रोकर बुरा हाल था। माता प्रसाद किसी काम से जिले से बाहर हैं। 

ज्ञानवापी से संबंधित मामलों की सुनवाई चार जनवरी को
ज्ञानवापी से संबंधित मां शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई शनिवार को जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में टल गई। सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के कारण अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस वजह अब सभी मामलों की सुनवाई चार जनवरी को होगी।  

प्रियंका अग्निहोत्री को मिला यूपीएए अवॉर्ड
उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट एसोसिएशन की ओर से काशी की साहित्यकार प्रियंका अग्निहोत्री गीत को साहित्य के क्षेत्र में सम्मानित किया गया। लखनऊ में आयोजित 31वें अवॉर्ड समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों सम्मानित किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विशिष्ट अतिथि मंत्री बेनी रानी मौर्या, पर्यटन मंत्री जयबीर सिंह और अवनीश अवस्थी रहे। अतिथियों ने यूपीएए के संरक्षक नितिन मिश्रा समेत बॉलीवुड की कई हस्तियों को सम्मानित किया। 

मकान में चोरी मामले में महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

बंद मकान में चोरी करने के पांच आरोपियों को मंडुवाडीह पुलिस ने शनिवार को पहाड़ी के पास और सदलपुर लठिया से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की टीवी, सेटअप ऑक्स, इन्वर्टर, होम थियेटर समेत अन्य चोरी के उपकरण बरामद हुए। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों में रोहित गिरी, भोला पटेल, विशाल कुमार भारती, सुमन गिरी निवासी लठिया और सदलपुर निवासी अनिल पटेल हैं। आरोपियों ने श्रीकंठपुरी कॉलोनी में बंद मकान से चोरी की थी।

दो किशोरियां लापता, अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज
आदमपुर और शिवपुर थाना क्षेत्र से दो किशोरियां लापता हो गई हैं। आदमपुर और शिवपुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही हैं। कोनिया में रहने वाली महिला ने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी है। 17 दिसंबर को पेपर देने कोनिया नई बस्ती के स्कूल गई थी। मगर, वह स्कूल नहीं पहुंची और घर भी वापस नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं लगा। उधर, कानूडीह निवासी 16 वर्षीय किशोरी के पिता ने बताया कि बेटी 12 दिसंबर को घर से निकली थी। काफी देर बाद भी जब वह घर लौट कर नहीं आई तो खोजबीन शुरू की गई। बाद में उन्हें पता चला कि उनकी बेटी का अपहरण हृदयपुर पांडेयपुर निवासी वीरू राजभर ने किया है। 

दरोगा के पैर पर चढ़ा रोडवेज की बस का पहिया
कैंट स्टेशन के सामने शनिवार को यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में लगे उप निरीक्षक भरत भट्ट के पांव पर रोडवेज की एक बस का पहिया चढ़ गया। हादसे में दरोगा के दाएं पैर का पंजा लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर कैंट रोडवेज चौकी के पुलिस कर्मी घायल दरोगा को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि दरोगा के उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। तहरीर पर आरोपी बस चालक के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

मोबाइल छिनैती का आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल छिनैती के आरोपी को चौबेपुर पुलिस ने शनिवार को सुंगुलपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। अतिरिक्त थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के पास से मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सोनू कुमार निवासी चुहुरपुर के रूप में हुई है।  

सपाइयों ने एडीएम सिटी को दिया ज्ञापन, गृहमंत्री को हटाने की मांग
सपा नेताओं ने शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा वरुणा पुल से कचहरी आंबेडकर स्मारक पार्क तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर गृहमंत्री को हटाने की मांग की।

चमकाने के बहाने चेन व मंगलसूत्र लेकर फरार आरोपी हिरासत में
नारायणपुर निवासी सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी योगेंद्र कुमार राय के मकान में शुक्रवार घुसे दो युवकों ने केमिकल से आभूषण चमकाने की बात कहकर तांबे के बर्तन को चमकाया दिया। इसके बाद उजाला कंपनी का कर्मचारी बताते हुए विश्वास में लेकर सोने की चेन व मंगलसूत्र साफ करने का झांसा देकर फरार हो गए। पीड़ित ने शिवपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दो आरोपियों को शनिवार को हिरासत में लिया।  

अवैध निर्माण स्थलों पर कार्रवाई
नगवा के औढ़े में शिवशंकर पांडेय की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भूतल निर्माण कराया जा रहा था। इसे सील कर दिया गया। इसी वार्ड के पंडितपुर में सुरेंद्र कुमार बिना मानचित्र पास कराए भवन निर्माण करा रहे थे। सोनारपुरा में अनवर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण करा रहे थे। उन्होंने चार मंजिला तक निर्माण भी पूरा कर लिया। उन्हें नोटिस जारी किया गया है। अलीनगर में आठ बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। वहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि कार्रवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा।  

नकल पर एक करोड़ का जुर्माना व आजीवन कारावास

अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना या कराना, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करना या प्रकट करना और प्रकट करने की साजिश कृत्य अपराध की श्रेणी में आते हैं। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2024 के तहत ऐसे प्रकरणों में एक करोड़ का जुर्माना व आजीवन कारावास की सजा, दोनों हो सकती है। यदि नकल सामग्री पकड़ी जाती है तो अभ्यर्थी को परीक्षा विशेष या आगामी परीक्षाओं व चयन से डिबार किया जा सकता है। चाहे सामग्री का प्रयोग नकल के लिए किया गया हो या नहीं। 
 
जमीन के फर्जीवाड़ा मामले में मुकदमा दर्ज
सात दशक पहले जिसकी मृत्यु हो चुकी हो उसके वारिस बनकर भूमि पर अपना नाम चढ़ाने का अनूठा मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पवन सिंह की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित ने पार्षद से खुद को वारिस बताते हुए जो प्रमाण पत्र जारी कराया था इस पर उसका नाम भी चढ़ गया। जब पवन सिंह को इसका पता चला तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया। फर्जीवाड़ा की शिकायत पुलिस आयुक्त से की गई। 

इस सप्ताह तय हो जाएगा स्टेडियम का शुल्क
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने शनिवार शाम सिगरा के नवनिर्मित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। बताया कि स्टेडियम में खेल व अन्य आयोजन की बुकिंग का शुल्क एक सप्ताह में तय कर लिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह के साथ निरीक्षण कर सीडीओ ने स्टेडियम की खेल सुविधाओं, खेल मैदान में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को निर्माण में जरूरी बदलाव को तय समय पर ठीक करने को कहा।

स्टेडियम परिसर में साई छात्रावास की ओर से यूरिनल और पीने के पानी की व्यवस्था करने को कहा। पवेलियन भवन के पीछे आउटडोर खिलाड़ियों के लिए वाटर कूलर और पाथवे के बगल में पुराने शौचालय की मरम्मत कराने को कहा। बताया कि फुटबॉल, क्रिकेट ग्राउंड की बुकिंग, हॉल की बुकिंग बैंक्विट हॉल को आउटसोर्सिंग से संचालित करने के लिए न्यूनतम शुल्क जल्द तय कर लिया जाएगा। इस मौके पर स्टेडियम के निर्माण से संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।  

सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल ने कहा कि संसद में गृहमंत्री अमित शाह द्वारा भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इससे पिछडे़, दलित, वंचित एवं शोषित जनमानस को गहरा आघात पहुंचा है। सयुस के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब का अपमान किया गया है, इसके लिए गृहमंत्री को अपना इस्तीफा देना चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, जिलाध्यक्ष सपा अल्पसंख्यक सभा डॉ. दिलशाद अहमद, सपा प्रवक्ता संतोष यादव बबलू, रीबू श्रीवास्तव, मनोज राय धूपचंडी, लालू यादव मौजूद रहे। 

काशी विद्यापीठ और लखनऊ विश्वविद्यालय मिलकर करेंगे शोध

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और लखनऊ विवि के बीच शनिवार को शैक्षणिक समझौता हुआ। दोनों विवि के शिक्षक और छात्र मिलकर शोध कर सकेंगे। साथ ही अन्य सुविधाओं का भी आदान-प्रदान भी होगा। शैक्षणिक समझौते पत्र पर विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और लखनऊ विवि के कुलपति प्रो. आलोक राय ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर वित्त अधिकारी संतोष शर्मा, प्रो. संजय, प्रो. मोहम्मद आरिफ, प्रो. नंदनी सिंह, प्रो. अजीत कुमार शुक्ल, प्रो. एमएम वर्मा मौजूद रहे।  

किरण क्लब ने मारी बाजी
बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर शनिवार को 10वीं पंडित अनिरुद्ध मिश्र स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का प्री-क्वार्टर फाइनल दी क्रिकेट ब्वाय और किरण क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी कर दी क्रिकेट ब्वाय ने 35 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। जवाब में किरण क्रिकेट क्लब ने पांच विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाकर पांच विकेट से मैच जीत लिया। पंकज ने नाबाद 71 रन बनाए। इस मौके पर पीपी आनंद मिश्र, प्रो. बीसी कापरी, डॉ. वैभव राय मौजूद रहे।  

ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस पर परेशान करने का लगाया आरोप
ई-रिक्शा चालकों ने बारकोड न मिलने और पुलिस की ओर से परेशान करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को सारनाथ मुख्य चौराहे पर ई रिक्शा खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस के बार-बार परेशान करने से आमदनी प्रभावित हो रही है। ई-रिक्शा चालक दिलीप ने कहा कि हमें बारकोड नहीं मिला है। शहर में जाने पर पुलिस गाड़ियां सीज कर देती है। सारनाथ से आशापुर तक चलते हैं। इस क्षेत्र में बारकोड वाले चालक आकर सवारी उठा ले जाते हैं। उनका क्षेत्र न होने के बाद भी उन पर कार्यवाही नहीं होती है। बबलू यादव ने बताया कि नगर निगम से केवल मैदागिन से गोलगड्डा, बेनियाबाग से कैंट, भेलूपुर से सोनारपुरा और लंका से चितईपुर क्षेत्र में चलने वाले ई रिक्शा को बारकोड मिला है। ये लोग अपना क्षेत्र छोड़कर देहात क्षेत्र में भी आ जा रहे हैं और सवारी उठा ले जा रहे हैं। इससे सारनाथ क्षेत्र के ई रिक्शा चालकों की आमदनी प्रभावित हो रही है।  
 
बिना नक्शा पास कराए हो रहा था निर्माण, सीज
अलीनगर के रेमा मोड़ नहर के बगल में (मनोहरपुर) में बिना नक्शा स्वीकृत कराये पिलर खड़े किए जा रहे थे। उन्हें ध्वस्त कराया गया। अवर अभियंता पीए दुबे ने बताया कि थाना अलीनगर को जिम्मेदारी दी गई है कि वह निगरानी करें, यहां दोबारा काम शुरू न हो पाए।

दीनदयाल अस्पताल में दलालों के खिलाफ चला चेकिंग अभियान

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में शनिवार सुबह दलालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। अस्पताल प्रशासन और पुलिस चौकी टीम ने ओपीडी, वाहन स्टैंड, मुख्य गेट, ट्रॉमा सेंटर, जांच घर समेत अन्य कई स्थानों पर छापा मारा। हालांकि, टीम को सफलता नहीं मिली। सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह ने बताया कि कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।  

बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में लखनऊ पंचायत में शामिल होंगे कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में 22 दिसंबर को लखनऊ में होने वाली बिजली पंचायत में जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उप्र के आह्वान पर होने वाली पंचायत में बिजली कर्मचारियों, अभियंताओं, संविदा कर्मियों के साथ ही किसानों और आम उपभोक्ताओं का भी आह्वान किया गया है। समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि बिजली कर्मी और अभियंता एक मुश्त समाधान योजना में पूरी निष्ठा से लगे हुए हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबन्ध निदेशक द्वारा एक मुश्त समाधान योजना के नाम पर की जा रही वीडियो कॉफ्रेंसिंग में अभियंंतााओं को कार्यालय समय के बाद की गई बैठक का हवाला देते हुए कार्रवाई की धमकी दी जा रही है, जो गलत है। बिजली पंचायत में आंदोलन के आगे की रुप रेखा तय की जाएगी। 

ज्योतिष शिक्षा को बढ़ावा देने लगाया कैंप
उदयपुर के बजरंगी लॉन में भारतीय ज्योतिष संस्थानम ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय शैक्षणिक महोत्सव और निशुल्क ज्योतिष कैंप लगाया गया। देशभर के ज्योतिषाचार्यों ने धर्म और शिक्षा के प्रचार और ज्योतिष शिक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि संस्थान संपूर्ण भारत में ज्ञान और राष्ट्रीय एकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्यक्रम कर रहा है। डॉ. शीतल प्रसाद पांडेय, धीरज दुबे, वेद प्रकाश शर्मा, संतोष मिश्रा, अंबिकेश दुबे, सच्चिदानंद चौबे आदि मौजूद रहे।  

गोलगड्डा तिराहे पर धंसी छह फिट लंबी सड़क

गोलगड्डा तिराहे पर शनिवार दोपहर अचानक से 6 फीट सड़क धंस गई। तिराहे के पास सड़क के नीचे से गुजरी गहरी सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क अंदर से खोखली हो गई थी। इस कारण अचानक से सड़क बैठ गई। जब सड़क धंसी तो उस समय कोई वाहन वहां मौजूद नहीं था। सड़क धंसने के कारण गोलगड्डा तिराहे पर जाम लग गया। कुछ देर में ही कज्जाकपुरा से नक्खी घाट जीटी रोड पर गाड़ियों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया। जलकल विभाग द्वारा देर शाम तक सीवर लाइन के मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। गाड़ियों के आवागमन को देखते हुए पुलिस ने गोलगड्डा तिराहे पर वन-वे रूट डायवर्जन लागू किया है।  

नई शिक्षा नीति के आयाम पूरा करेगा सामुदायिक विज्ञान
बीएचयू महिला महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में सामुदायिक विज्ञान पर हुई संगोष्ठी में इसके योगदान पर चर्चा हुई। समापन समारोह में शनिवार को मुख्य अतिथि जेडी बिरला संस्थान कोलकाता की प्राचार्या प्रो. दीपाली सिंघी ने कहा कि सामुदायिक विज्ञान की सभी शाखाएं नई शिक्षा नीति के कई आयामों को पूरा करने में सक्षम हैं। विकसित राष्ट्र के लिए सामुदायिक विज्ञान के द्वारा समुदायों को मजबूत करना विषयक संगोष्ठी में प्रो. दीपाली ने कहा कि सामुदायिक विज्ञान विकसित भारत की कल्पना को साकार कर रही है। बीएचयू कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि जब तक हमारे देश की आधी आबादी शिक्षित, समर्थ नहीं होगी तब तक महिला सशक्तिकरण की बात नहीं कर सकते। संगोष्ठी की रिपोर्ट गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मुक्ता सिंह ने की। 25 बेस्ट पेपर और पोस्टर अवॉर्ड भी दिए। अतिथियों का स्वागत प्रो. कल्पना गुप्ता, धन्यवाद डॉ. प्रशंसा शर्मा ने दिया। डॉ.ऋचा मिश्रा, डॉ.पुष्पा मालवीय, डॉ. सुकन्या चक्रवर्ती आदि रहे।

बाबा लाट भैरव का त्रिगुणात्मक शृंगार और तांत्रिक पूजन आज
पौष कालाष्टमी के अवसर पर रविवार को कज्जाकपुरा स्थित भूतसंघ नायक बाबा लाट भैरव का त्रिगुणात्मक शृंगार किया जाएगा। श्री कपाल भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में तांत्रिक पूजन के अवसर पर सात्विक, राजसिक व तामसिक तीनों विधियों से भव्य शृंगार कर पूजन अर्चन होगा। समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल ने बताया कि परंपरानुसार बटुक भैरव के महंत राकेश पुरी सहित काशी के कई प्रकांड तंत्र साधक बाबा दरबार में तंत्रोक्त विधि से पूजन करेंगे। मंदिर में देर शाम से दर्शन पूजन का क्रम प्रारंभ हो जाएगा। बाबा के त्रिगुणात्मक स्वरूप के दर्शन मात्र से भूत-प्रेतादि बाधाओं से मुक्ति मिलती है। यह जानकारी शिवम अग्रहरि ने दी।

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार

किशोरी को अगवा करने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को दानगंज बाजार के पास महमूदपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गाजीपुर के बिरनो, अरखपुर निवासी दीपक चौहान के रूप में हुई है। अपहृता एक सप्ताह पहले ही मिल चुकी है। 24 नवंबर को चोलापुर निवासी पिता ने 13 साल की बेटी को अगवा करने के मामले में केस दर्ज कराया था।  

सुबह ए बनारस के मंच पर सचिन ने साधे सुर
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार सचिन यादव का गायन हुआ। सचिन ने गायन की शुरुआत राग बसंत मुखारी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश तेरो मुख चंद्र...से की। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश तेरी छवि की छटा...सुनाई। समापन भजन चले रघुराई...से किया। तबले पर पंकज राय तथा संवादिनी पर रवि प्रकाश गौतम ने एवं तानपुरे पर हर्ष शुक्ला ने संगत की। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।  

1.25 लाख रुद्राक्ष से हुआ काशी के कोतवाल का शृंगार
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का शनिवार को रुद्राक्ष शृंगार हुआ। सवा लाख रुद्राक्ष से बाबा को सजाया गया और 56 भोग अर्पित किया गया। बाबा के कालभैरव स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। शनिवार की भोर में पंचामृत व केसरयुक्त दूध से स्नान के बाद बाबा कालभैरव का रुद्राक्ष शृंगार हुआ। बाबा की आरती उतारने के बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।  
विज्ञापन

सेमीफाइनल में पहुंची बीएचयू और विवेक एकेडमी की ए टीम

अवध मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट शनिवार शाम को शिवपुरी मिनी स्टेडियम में खेली गई। बीएचयू की टीम ने अवध एकेडमी की टीम को 3-1 से हरा दिया। दूसरे मुकाबले में विवेक एकेडमी की ए टीम ने बी को एक गोल से हरा दिया। सेमीफाइनल और फाइनल रविवार को खेला जाएगा। निर्णायक की भूमिका किशन सिंह, अमित कुमार, रोबिन जायसवाल ने निभाई। इस मौके पर सतीश नारायण सिंह, चंदन सिंह, प्रशांत बाजपेई, अभिनव राय, नीरज यादव, सौरभ सिंह, प्रिंस श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

सीनियर डीसीएम को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के सीनियर डीसीएम शेख रहमान को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से नवाजा है। शनिवार को नई दिल्ली भारत मंडपम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सीनियर डीसीएम शेख रहमान के विशेष प्रयासों से एनईआर वाराणसी मंडल ने 13.82 करोड़ की आय की है। विज्ञापन मद से 1.52 करोड़ और कैटरिंग से 5.5 करोड़ की आमदनी की है। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक और सीनियर डीसीएम समेत चार अधिकारियों और अन्य मंडलों के 101 कर्मचारियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।  

सिलाई-कढ़ाई की आधुनिक तकनीक जानी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। 30 महिलाओं को ऑटोमेटिक सिलाई मशीन से आधुनिक सिलाई-कढ़ाई तकनीक की जानकारी दी। संकाय की डीन प्रो वृंदा परांजपे ने कहा कि आज की महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे जा रही है। केंद्र समन्वयक प्रो. आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि वर्कशॉप में जिन महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया, वह केंद्र से 6 माह का सिलाई प्रशिक्षण ले रही हैं। डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह, राधेश्याम गौड़, रहबर अंसारी, अनिल कुमार, रामजी आदि उपस्थित रहे। 

273 बेटिकट यात्रियों से वसूला 1.62 लाख का जुर्माना
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक टिकट चेकिंग अभियान चला। सहायक वाणिज्य प्रबंधक (तृतीय) भागचंद मीणा के निर्देशन में मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह के साथ कुल 24 चेकिंग स्टाफ ने 273 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा और 162160 रुपये जुर्माना वसूला। चेकिंग में मुख्य टिकट निरीक्षक संजय कुमार सिंह, अरविंद सिंह प्रथम, समसी सलाम, अनिल कुमार और टिकट परीक्षक अनिल पाल, संतोष कुमार, राजेश तिवारी, राजहंस सोनकर आदि रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें