फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi Top News: महिला यात्री को आया हार्ट अटैक, CPR देकर बचाई जान; पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें

Tue, 25 Feb 2025 12:34 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi Top News: वाराणसी में सोमवार को कई खबरें सुर्खियों में रहीं। इनमें रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री को हार्ट अटैक आने पर सीपीआर देकर जान बचाने की खबर दिनभर चर्चा में बनी रही। 
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कैंट स्टेशन में रविवार की रात सीपीआर महिला यात्री की जान बचाई गई। झारखंड के गढ़वा मझिआंव निवासी कंचन देवी (37) परिवार के साथ दर्शन पूजन के लिए आई थी। रात में लौटते समय कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 8 पर अचानक अचेत हो गई।

विज्ञापन




जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह, पीएसी दलनायक सुधीर कुमार सिंह महिला को सीपीआर देकर इमरजेंसी मेडिकल रूम में ले गए। डॉ त्रिनेत्र शर्मा ने बताया कि महिला को कार्डियो अटैक (हार्टअटैक) आया था। उपचार के बाद उसे बचाव की सलाह दी गई है।
विज्ञापन

 
अस्पतालों में अलर्ट, शिवमंदिरों के पास खड़ी रहेंगी एंबुलेंस
महाशिवरात्रि पर काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने की संभावनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मारवाड़ी अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा सहित अन्य अस्पतालों की इमरजेंसी में डॉक्टरों की टीम को अलर्ट किया गया है। साथ ही यहां किसी भी तरह की आपात स्थिति में जांच, इलाज की मुकम्मल व्यवस्था रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेलवे स्टेशन, चितरंजन पार्क, घाट, काशी विश्वनाथ धाम समेत जिन जगहों पर हेल्थ बूथ बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि हेल्थ बूथ पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की टीम की तैनाती करने के साथ ही विश्वनाथ धाम, मार्कंडेय महादेव सहित अन्य प्रमुख शिव मंदिरों के पास एंबुलेंस मुस्तैद रहेगी।  

जिले के 2.89 लाख किसानों के खाते में आई सम्मान निधि की 19वीं किस्त
पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर से बटन दबाकर जारी की। इसमें जिले के 2.89 लाख किसानों को लाभ मिला। कार्यक्रम सजीव प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में किया गया। यहां 823 किसानों ने प्रसारण को देखा। सजीव प्रसारण का आयोजन केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक व अध्यक्ष, डॉ. नवीन कुमार सिंह की मौजूदगी में किया गया। कृषि उपनिदेशक अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में कुल दो लाख 89 हजार 170 पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीकृत हैं। इनमें एक लाख नौ हजार 728 किसानों ने फार्म रजिस्ट्री कराई है। इन्हें प्राथमिकता पर 19वीं किस्त का लाभ मिला। 

पति सहित चार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

नदेसर क्षेत्र की एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सुषमा पाल के अनुसार उनका विवाह नदेसर निवासी राहुल पाल के साथ वर्ष 2017 में हुआ था। शादी के बाद से ही पति राहुल पाल, सास शांती देवी, जेठ राजू पाल और जेठानी धनमल पाल मायके से रुपये मंगवाने के लिए प्रताड़ित करते हैं। मायके से मांग पूरी न होने पर चोरी का आरोप लगा कर उत्पीड़न करते हैं। पीड़िता के गत अनुसार 21 फरवरी को सभी ने मिलकर उन्हें पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुषमा की तहरीर पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।  
 
संघ के सक्रिय कार्यकर्ता काशीनाथ शास्त्री का निधन
आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता व संघ के पूर्व महानगर कारवा (जनरल सेक्रेटरी) रहे काशीनाथ शास्त्री (80) का सोमवार को सुबह निधन हो गया। रवींद्रपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ा। उनकी पत्नी का चार साल पहले ही निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर हुआ और मुखाग्नि उनके भांजे ने दी। काशीनाथ बीएचयू में कुलपति के सेक्रेटरी व बीएचयू आईआईटी में कार्यरत रह चुके थे। आरएसएस की ओर से मंगलवार को तुलसीपुर स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में उनको श्रद्धांजलि दी जाएगी।

शादियों में फिजूलखर्ची रोकने का लिया संकल्प
मुस्लिम समुदाय ने शादियों में फिजूलखर्ची रोकने और बच्चों की शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सोमवार को बड़ी बाजार स्थित मौलाना बुनकर अस्पताल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में, समुदाय के नेताओं ने शादियों में खर्च कम करने के लिए सात नियम बनाए। बैठक की अध्यक्षता बुनकर बिरादराना तंजीम बायीसी के सरदार इकरामुद्दीन ने की। बैठक में बुनकर बिरादराना तंजीम बावनी के फैसल महतो, बायीसी तंजीम के सरदार हाजी हाफिज, मोइनुद्दीन साहब, चौदहों के सरदार हाजी मकबूल हसन साहब, बारहों के सरदार हासिम साहब, पांचों के सरदार अली अहमद साहब और जियाउल हसन साहब, और हाजी रमजान सहन सहित कई प्रमुख समुदाय के नेता शामिल हुए।  

पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट भाजपा विधायक ने सीपी से की शिकायत, 

रामनगर थाने की पुलिस पर एक गेस्ट हाउस संचालक ने अपने पुत्र के मारपीट के मामले में तहरीर बदलवाने और उचित धारा में केस न दर्ज करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कैंट के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस के अनुसार मामले में धारा बढ़ा दी गई है।

प्रकरण के अनुसार, चार दिन पूर्व सीहाबीर क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में आए श्रद्धालुओं का वाहन सड़क पर खड़ा करने को लेकर संचालक का पड़ोसी से विवाद हो गया था। इस पर गेस्ट हाउस संचालक के पुत्र अभिषेक जायसवाल के सिर पर ईंट से प्रहार कर उसे मनबढ़ युवकों ने घायल कर दिया था। मारपीट कर रहे युवक पुलिस के आने के बाद भाग निकले थे। 

अभिषेक के पिता अशोक कुमार गुप्ता का आरोप है कि रामनगर थाने में दो बार तहरीर बदलवाई गई। उसके बाद एनसीआर दर्ज किया गया। भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिख कर एनसीआर की जगह एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही तहरीर बदलने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की है। 

उधर, इस संबंध में रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि घटना से संबंधित सीसी फुटेज मिलने पर आरोपियों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धारा बढ़ाई गई है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।   

गैंगस्टर एक्ट के दो अभियुक्तों को दो-दो वर्ष का सश्रम कारावास

विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) की अदालत ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दो अभियुक्तों को दो-दो वर्ष के सश्रम कारावास और पांच-पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। दंडित किए गए अभियुक्तों में मेंहदीगंज निवासी रमाशंकर पटेल के खिलाफ वर्ष 2002 में मिर्जामुराद थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी तरह से आजमगढ़ जिले के सर्फुद्दीनपुर निवासी अभियुक्त ओम प्रकाश यादव के खिलाफ भी वर्ष 2002 में ही मिर्जामुराद थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 

मकान से दिनदहाड़े नकदी और मोबाइल फोन चोरी
हजरत नुरुद्दीन शहीद, फुलवरिया स्थित एक मकान से चोर नकदी और मोबाइल फोन चुरा ले गए। चोरी की घटना सीसी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में एक व्यक्ति घर से सामान ले जाते हुए दिखाई दिया है। मामले को लेकर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़ित सहबान ने पुलिस को बताया कि उनका तीन मंजिला मकान हजरत नुरुद्दीन शहीद, फुलवरिया में है। रविवार की सुबह वह और उनकी पत्नी मकान की तीसरी मंजिल में गए थे। जब वह वापस आए तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और दो मोबाइल फोन गायब थे। साथ ही, अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखे 40 हजार रुपये भी गायब थे। 

अवैध निर्माण किया सील, नोटिस
वार्ड शिवपुर के मौजा घमाहापुर में नंदलाल पटेल बिना मानचित्र पास कराए ही भवन निर्माण करा रहे थे। भवन स्वामी को नोटिस देकर सीलिंग की कार्रवाई की गई। वीडीए वीसी ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होती रहेगी। सीलिंग के बाद भी अवैध निर्माण जारी रहा तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।  

अवैध प्लॉटिंग पर चला वीडीए का बुलडोजर
शिवपुर वार्ड के मौजा सिकंदरपुर भठ्ठा के सामने करीब साढ़े तीन बीघे जमीन पर अवैध प्लाॅटिंग किए जाने का मामला सामने आया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता विजय सिंह ने बताया कि प्लॉटिंग की जा रही थी, लेकिन ले आउट किसी के पास नहीं था। इसलिए प्रवर्तन दल के साथ अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलवाया गया। वीडीए वीसी ने लोगों से अपील की है कि स्वीकृत ले-आउट का प्लॉट ही खरीदें। मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें। 

पुण्यतिथि पर वरिष्ठ अधिवक्ता को किया याद
समाजवादी चिंतक और वरिष्ठ अधिवक्ता बाबू सागर सिंह की 17वीं पुण्यतिथि सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में सोमवार को मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम चौबे और विशिष्ट अतिथि संस्कृत के अधिवक्ता श्यामजी उपाध्याय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे और संचालन महामंत्री राजेश कुमार गुप्ता ने किया। इसमें बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी व महामंत्री शशांक श्रीवास्तव, दीनानाथ सिंह, विंध्याचल चौबे, राधेश्याम सिंह, श्रीनिवास मिश्र, प्रेमप्रकाश गौतम, अजय मुखर्जी, विकास श्रीवास्तव और जावेद अख्तर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।  

आईएमएस बीएचयू के पूर्व चिकित्साधीक्षक का निधन
आईएमएस बीएचयू के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष और बीएचयू अस्पताल के पूर्व चिकित्साधीक्षक प्रो. चंद्रभाल त्रिपाठी (76) का सोमवार को निधन हो गया। वर्ष 2012 में बीएचयू से सेवानिवृत्त होने के बाद से वह महामनानगर काॅलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। बेटे आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि प्रो. त्रिपाठी लंबे समय से बीमार थे। बीएचयू अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया।  

पांच लाख गृहकर बाकी, दो मकान सील
गृहकर बकाया पर सोमवार को दशाश्वमेध जोन में दो मकानों को ताला बंद कर सील कर दिया गया। संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद ने बताया कि दशाश्वमेध जोन में कमला देवी पत्नी रामसूरत यादव के भवन पर एक एक लाख 88 हजार रुपये बाकी है। इसमें एग्रो कंपनी संचालित हो रही है। इसे सील कर दिया गया। इसी मोहल्ले में दूसरा मकान राय संत कुमार, राय विमल कुमार, राय अभय कुमार के नाम से है। इस भवन पर तीन लाख 22 हजार रुपये बाकी है। इसमें स्मार्ट सिटी के नाम से एक कंपनी का संचालन हो रहा था। इसे भी सील कर दिया गया। अधिक समय तक गृहकर जमा नहीं किया तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। 

36 केंद्रों पर गेहूं खरीद एक मार्च
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर एक मार्च से गेहूं खरीद जिले के 36 क्रय केंद्रों पर होगी। 2428 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद के लिए 18 हजार टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। जिला विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि गेहूं की खरीद के लिए पूरी तैयारी कर ली गई। एक मार्च से खाद्य विभाग के 13 पीसीएफ के 17 पीसीयू के पांच और भावानि के दो कुल 36 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। पिछले साल के मुकाबले इस बार तीन क्रय केंद्र कम हैं। पीसीएफ, पीसीयू और मंडी समिति का एक एक केंद्र बढ़ाने के लिए कहा गया है। 

इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन का झांसा देकर दो लाख की ठगी

इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन कराने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी की गई। मामले को लेकर आशुतोष नगर कॉलोनी, सरायनंदन निवासी राजेश कुमार दूबे ने सिगरा थाने में तहरीर दी। उनकी तहरीर पर कैरियर 360 (कंप्लीट एजुकेशन सॉल्यूशन) के मालिक सिद्धि विनायक कांप्लेक्स, बैंक कॉलोनी, रघुनाथ नगर महमूरगंज निवासी वसीर आलम खान और उसके भाई अयान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

राजेश ने पुलिस को बताया कि उन्हें दोनों भाइयों ने कॉल कर कहा था कि आपकी बेटी काश्वी द्विवेदी का एडमिशन किसी भी इंजीनियरिंग कॉलेज में करा देंगे। इसका खर्चा दो लाख 60 हजार रुपये बताया गया। अपनी व्यस्तता और पत्नी के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए राजेश ने हामी भर दी। दोनों भाइयों ने उनसे दो लाख रुपये एडवांस लिए।

दोनों भाइयों ने कहा कि दिल्ली स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज जाना होगा। वहां पहुंचने पर उनका स्टाफ आएगा और ऑफर लेटर देकर एडमिशन कराएगा। दिल्ली जाने पर न कोई स्टाफ आया और न ऑफर लेटर मिला। तब जाकर पता लगा कि उनके साथ ठगी हुई है।
विज्ञापन

पार्सल लोडिंग पर प्रतिबंध, बीपी की दवाई, शादी के कार्ड अटके

महाकुंभ के चलते 24 से 28 फरवरी तक रेलवे पार्सल लोडिंग और अनलोडिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। त्योहारी सीजन में प्रतिबंध से व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उधर, पोस्ट ऑफिस में पांच हजार पैकेट डंप पड़े हुए हैं। इनमें पुस्तकें, बीपी-हार्ट की दवाएं, बनारसी साड़ी, जीआई उत्पाद, यूनिवर्सिटी के जरूरी कागजात समेत अन्य सामान हैं। इनकी डिलीवरी एक से डेढ़ माह से अटकी हैं। 

छावनी और विशेश्वरगंज समेत आरएमएस में पार्सल डंप होने से व्यापारी समेत आमजन भी परेशान हैं। इसे लेकर पोस्ट ऑफिस महाकुंभ का हवाला दे रहा है। व्यापारियों के अनुसार कोरियर का माल पहुंच जा रहा है लेकिन पार्सल नहीं पहुंच पा रहा है। पोस्ट ऑफिस की ओर से लगभग एक माह पूर्व बुक रजिस्टर्ड पार्सल भी अभी तक गंतव्य तक नहीं पहुंचे हैं। 

वाराणसी प्रकाशक संघ के अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि डाक विभाग पहले से रजिस्टर्ड पार्सल पर तीन गुना रेट वसूल रहा है। इसके बावजूद रजिस्टर्ड पार्सल की बुकिंग के बाद गंतव्य को समय से भेजने के बजाय अपने यहां डंप कर रहा है। इससे पूरा व्यापार चौपट हो गया है।

वाराणसी प्रकाशक संघ के महामंत्री रविशंकर सिंह ने कहा कि डाक विभाग की लापरवाही से कंज्यूमर तक समय से डिलीवरी न होने पर ऑर्डर कैंसिल हो रहे हैं। जब पार्सल डंप ही करना था तो बुकिंग क्यों की। उन्होंने कहा कि बुक्ड रजिस्टर्ड पार्सल की डिलीवरी तो दूर आगे अभी भी रजिस्टर्ड पार्सल की बुकिंग जारी है। 

यदि पार्सल नहीं भेजने हैं तो डंप पड़े पार्सल को वसूले गए रजिस्टर्ड शुल्क सहित सेंडर्स को लौटा दें और आगे की बुकिंग भी बंद कर दें। विश्वविद्यालय प्रकाशन के अनुराग मोदी ने बताया कि डाक विभाग के एक्स पर रजिस्टर्ड पार्सल डिलीवरी न होने से वाराणसी समेत आसपास के लोगों की शिकायतें आ रही हैं। वेबसाइट पर ट्रैक करने पर पार्सल वाराणसी में ही बता रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें