प्रेमी की तलाश में हरियाणा से चोलापुर पहुंची शादीशुदा महिला
फेसबुक पर प्रेमप्रसंग के बाद प्रेमी की तलाश में हरियाणा से शादीशुदा महिला बुधवार को चोलापुर के एक गांव पहुंच गई। महिला के अचानक गांव पहुंचने और प्रेमी के घर जाकर उसके साथ रहने की जिद करने से परिजन हैरान रह गए। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस की जांच में महिला के हरियाणा में गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, युवक मुंबई में प्राइवेट जॉब करता है।
फेसबुक से उसकी पहचान हरियाणा निवासी शादीशुदा महिला से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद प्रेम प्रसंग हो गया। कुछ समय बाद युवक मुंबई से अपने गांव लौट आया। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क नहीं हो पाया। प्रेमी से संपर्क टूटने पर महिला बुधवार को उसके गांव पहुंच गई।
युवक के परिजनों को अपने रिश्ते की जानकारी देते हुए प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। मामला जानकर युवक के परिजन उसे लेकर चोलापुर थाने पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी। चोलापुर पुलिस ने महिला के बताए पते पर संबंधित थाने से संपर्क किया। वहां जांच में महिला की गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों और संबंधित थाना पुलिस से संपर्क कर महिला को वापस भेजने की कार्रवाई की। थाना प्रभारी चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि महिला को युवक के परिजनों और पुलिसकर्मियों के साथ उसके निवास स्थान के लिए भेज दिया गया है।
ट्रक में पीछे से भिड़ी मोपेड, चालक गंभीर
कनेरी मोहनसराय में बृहस्पतिवार शाम सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार मोपेड जा भिड़ी। हादसे में मोपेड चालक बाड़ू पटेल (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे जीतू पटेल (30) को भी चोटें आईं। करनाडाड़ी निवासी बाड़ू और जीतू मोपेड से शाम को घर लौट रहे थे। कनेरी मोहनसराय के पास मोपेड अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा। बाड़ू की हालत गंभीर है। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है।
किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसहीं इलाके से किशोरी लापता हो गई। परिजनों की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, किशोरी 16 सितंबर की सुबह घर से काम के लिए निकली थी। दोपहर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पिता ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ किशोरी की तलाश में टीम जुटी है।
तीन जिलों की पुलिस कर रही थी तलाश, तीन महीने रहते थे शांत
रिंग रोड पर स्कॉर्पियों खड़ी कर ऑटो से शहर में आकर महिलाओं का चेन चोरी करने वाले गिरोह में शामिल गिरफ्तार कुसुम, सीमा और पिंकी की तलाश जौनपुर, आजमगढ़ की पुलिस के साथ ही वाराणसी पुलिस भी कर रही थी। वाराणसी में दो घटनाओं में ये गिरोह शामिल रहा। पूछताछ में पुलिस को गिरोह के काम करने के तरीके की जानकारी मिली। सरगना महिलाओं को वारदात के लिए वाहन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराता था। एक जिले में वारदात के बाद गिरोह तीन महीने तक वहां सक्रिय नहीं रहता था। महिलाएं पहचान छिपाने के लिए हर बार अलग-अलग गाड़ियों का इस्तेमाल करती थीं। वाहन बदलने से पुलिस के लिए उनके मूवमेंट का पता लगाना मुश्किल हो जाता था। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य अभियुक्त की तलाश के लिए टीम लगी है।
दुकान में चोरी का खुलासा, दो बाल अपचारी गिरफ्तार
मंडुआडीह थाना पुलिस ने बरेका गुमटी मार्केट में दुकान में हुई चोरी में घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को पकड़ा गया है। उनके कब्जे से चोरी के 2190 रुपये, चार डेयरी मिल्क चॉकलेट और बिस्किट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को रमेश सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच के दौरान बुधवार को एक आरोपी को पकड़ा गया था। उसकी निशानदेही पर चोरी में शामिल दो अन्य बाल अपचारी को बीएलडब्ल्यू सूर्य सरोवर पोखरा के पास से पकड़ा गया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से बाल सुधार गृह भेजा गया।
पेटीएम से तीन बार में निकली एक लाख की रकम
रोहनिया थाना क्षेत्र के करनाडाडी काशीपुर निवासी राजकुमार पटेल के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने एक लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक, चार सितंबर की शाम मोबाइल पर आए मैसेज से उसे खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। राजकुमार पटेल का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की रोहनिया शाखा में है। उसके खाते से पेटीएम के जरिये तीन बार में 49 हजार, 1,990 और 49 हजार रुपये निकाल लिए गए। उनका कहना है कि इन लेनदेन के लिए उन्होंने किसी तरह की स्वीकृति नहीं दी थी। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने रोहनिया थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
विद्यालय से घर लौटते समय दो नाबालिग छात्र लापता
फूलपुर थाना क्षेत्र के नेशनल इंटर कॉलेज पिंडरा में पढ़ने गए कक्षा नौ के दो छात्र बुधवार को विद्यालय से घर लौटते समय लापता हो गए। देर शाम तक दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। जानकारी नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को फूलपुर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। लापता छात्रों में पिंडरा बाजार निवासी पीयूष श्रीवास्तव और अंश माथुर शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों 16 सितंबर को विद्यालय में पढ़ाई समाप्त होने के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं पहुंचे। अगले दिन भी दोनों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने सूचना दी। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
रंजिश में दसवीं के छात्र की पिटाई, छह पर प्राथमिकी
फूलपुर के गजोखर जवाहर नवोदय विद्यालय में बृहस्पतिवार सुबह रंजिश में कक्षा 10 के छात्र की कुछ छात्रों ने पिटाई कर दी। मारपीट में छात्र के सिर में चोट आई। उसे उपचार के लिए पिंडरा पीएचसी ले जाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नाबालिग छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। करमपुर, बड़ागांव निवासी सुचेंद्र जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका बेटा देवांश जायसवाल सुबह आठ बजे विद्यालय की एसेंबली में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कक्षा 12 के कुछ छात्रों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि छात्रों ने उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद विद्यालय स्टाफ और परिजन छात्र को पीएचसी ले गए। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कांग्रेस ने मनाया बेरोजगार दिवस, महंगाई पर प्रदर्शन
महानगर कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को बेरोजगार दिवस मनाया। इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ते तेल के दामों सहित कई जनसमस्याओं के विरोध में रविंद्रपुरी में प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि देश बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और गरीब परिवार महंगाई की मार झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता को विकास के नाम पर केवल आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सरकार को जनता के वास्तविक मुद्दों की याद दिलाई है।
कृषक एक्सप्रेस पर पत्थर मारने वाला युवक गिरफ्तार
वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से लखनऊ तक जाने वाली ट्रेन नंबर 15007 कृषक एक्सप्रेस पर पत्थर मारने वाले युवक को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। घटना 15 सितंबर की है। उसकी पहचान चौबेपुर के खूटहना निवासी वीरेंद्र बनवासी (20) के रूप में हुई। 15 सितंबर को सारनाथ- कादीपुर के बीच ट्रेन के इंजन पर उसने पत्थर मारा था। लोको पायलट वाली साइड खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के बाद चालक ने कादीपुर स्टेशन पहुंच कर स्टेशन मास्टर को जानकारी दी थी। आरपीएफ ने 16 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई।
मुकदमे की पैरवी करने पर अधिवक्ता को धमकी
कचहरी में चल रहे मुकदमे में आरोपी की जमानत का विरोध करने पर अधिवक्ता को फोन कर धमकी देने का आरोप लगा। धनंजय पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने राजीव पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। ईश्वरगंगी निवासी धनंजय पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जैतपुरा थाने से संबंधित एक मुकदमे में आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था। 15 सितंबर को आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान वादी पक्ष की ओर से अधिवक्ता ने आरोपी की जमानत का विरोध किया। आरोप है कि जमानत का विरोध किए जाने से नाराज राजीव पांडेय ने अधिवक्ता के मोबाइल पर दूसरे नंबर से फोन किया। फोन पर गालियां दीं। कचहरी आने पर मारपीट करने की बात कही गई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।